काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट पर पीएसी जवान की कार्बाइन से आकस्मिक फायरिंग, तीन घायल!
वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर-4बी के पास शनिवार सुबह एक आकस्मिक फायरिंग की घटना से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। ड्यूटी पर तैनात पीएसी के एक जवान की कार्बाइन से कथित तौर पर अचानक गोली चल गई, जो पास के पत्थर से टकराने के बाद उसके छर्रे और गिट्टियां आसपास मौजूद लोगों को लगीं। घटना में तीन लोग घायल हो गए। पुलिस और सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल स्थिति को नियंत्रित कर लिया।
छर्रे लगने से तीन लोग घायल
घटना में निक्की गुप्ता, राम बाबू और विकास यादव घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल मंडलीय चिकित्सालय, कबीरचौरा भेजा गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की हालत सामान्य बताई है। किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई है।
सुबह सात बजे हुई घटना
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना शनिवार सुबह करीब 7 बजे हुई। बताया जा रहा है कि ड्यूटी के दौरान पीएसी जवान की कार्बाइन से गलती से फायर हो गया। गोली सीधे किसी व्यक्ति को नहीं लगी, बल्कि पत्थर से टकराने के बाद उसके छर्रे आसपास खड़े श्रद्धालुओं और अन्य लोगों को लगे, जिससे वे घायल हो गए।
घटना के बाद बढ़ाई गई सुरक्षा
फायरिंग की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मंदिर परिसर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एहतियात के तौर पर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला कार्बाइन से हुई आकस्मिक फायरिंग का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, यह पता लगाने के लिए विस्तृत जांच कराई जा रही है कि गोली किन परिस्थितियों में चली और सुरक्षा मानकों के पालन में कहीं कोई चूक तो नहीं हुई। संबंधित पीएसी जवान से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक एवं विभागीय कार्रवाई की जाएगी।