वाराणसी में लूट के तीन आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल और ऑटो बरामद

 

वाराणसी। अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत वरुणा जोन पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मंडुवाडीह पुलिस ने लूट की घटना में शामिल बताए जा रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन, 2120 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त ऑटो बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर 2026 की रात करीब 9:15 बजे मुखबिर की सूचना पर ब्लॉक रोड, शिवदासपुर के पास कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनिल बिंद निवासी बिंद बस्ती शिवदासपुर, अमन गोस्वामी निवासी नई बस्ती शिवदासपुर और अवधेश कुमार उर्फ आयान निवासी मूल रूप से छपरा, बिहार तथा वर्तमान में आदर्श नगर, मंडुवाडीह के रूप में हुई है।

मारपीट कर मोबाइल और नकदी लूटने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, पीड़ित ने मंडुवाडीह थाने में तहरीर देकर बताया था कि तीन अज्ञात लोगों ने उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की तथा मोबाइल फोन और 3 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर मंडुवाडीह थाने में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई थी।

जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से दो मोबाइल फोन और 2120 रुपये नकद बरामद किए। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल किए गए ऑटो को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है।

मामले में मंडुवाडीह थाने में मु.अ.सं. 0344/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष दिगम्बर उपाध्याय, उपनिरीक्षक प्रवीण सचान, उपनिरीक्षक चंद्रशेखर यादव, उपनिरीक्षक सत्यानंद यादव समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।