65 मीटर पहुंचा गंगा का जलस्तर, 6 सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा पानी, नौका संचालन पर रोक
वाराणसी। गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए 11वीं एनडीआरएफ वाराणसी ने नदी क्षेत्र में सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है। कमांडिंग ऑफिसर अनूप सिंह बिष्ट के मार्गदर्शन में एनडीआरएफ की टीमें गंगा नदी में 24 घंटे तैनात रहकर बोट पेट्रोलिंग और लगातार निगरानी कर रही हैं।
एनडीआरएफ के अनुसार, रविवार को गंगा नदी का जलस्तर 65 मीटर दर्ज किया गया। जलस्तर में करीब 6 सेंटीमीटर प्रति घंटे की दर से वृद्धि हो रही है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जनसुरक्षा के मद्देनजर नौका संचालन को अग्रिम आदेश तक स्थगित कर दिया गया है।
एनडीआरएफ की टीमों द्वारा गंगा नदी क्षेत्र में नाविकों, यात्रियों और आमजन को लगातार जागरूक किया जा रहा है। लोगों से जिला प्रशासन और जल पुलिस की ओर से जारी सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा नदी में अनावश्यक रूप से प्रवेश नहीं करने की अपील की जा रही है।
वाटर एम्बुलेंस के साथ मेडिकल टीम तैनात
किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ की मेडिकल टीम वाटर एम्बुलेंस के साथ गंगा नदी क्षेत्र में 24 घंटे तैनात है। आपात स्थिति में नदी क्षेत्र में मौजूद लोगों को तत्काल प्राथमिक चिकित्सा और आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
11वीं एनडीआरएफ की टीमें गंगा के जलस्तर और नदी क्षेत्र की परिस्थितियों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। संभावित बाढ़ या किसी अन्य आपात स्थिति की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया और आवश्यक बचाव अभियान चलाने के लिए टीमों को पूरी तरह तैयार रखा गया है।
एनडीआरएफ ने लोगों से अपील की है कि बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सुरक्षा मानकों का पालन करें और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन न करें।