काशी की देव दीपावली में गूंजा राष्ट्रभक्ति का स्वर, 51 हजार दीपों के बीच सैन्य बैंड ने बांधा समां
दशाश्वमेध घाट पर भक्ति के साथ दिखा राष्ट्रभक्ति का संगम, सैन्य बैंड की धुनों ने मोहा श्रद्धालुओं का मन
वाराणसी। देव दीपावली के पावन अवसर पर काशी के दशाश्वमेध घाट पर आस्था, संस्कृति और राष्ट्रभक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंगलवार की शाम गंगा तट पर आयोजित भव्य महाआरती में देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी। करीब एक लाख से अधिक लोग इस ऐतिहासिक आयोजन के साक्षी बने। मां गंगा की आरती, सैन्य बैंड की देशभक्ति से ओतप्रोत धुनों और शंखनाद ने पूरे घाट को भक्तिमय वातावरण में सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान 39 जीटीसी के सैन्य बैंड ने ग्रेट हाईलैंड बैगपाइप की धुनों से लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं, घाट पर लगभग 20 फीट ऊंचा अमर जवान ज्योति स्मारक तैयार कर देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर थल सेना, नौसेना, वायुसेना, सीआरपीएफ, सीआईएसएफ, रेलवे सुरक्षा बल और एनडीआरएफ के अधिकारियों का स्वागत भी किया गया।
गंगा सेवा निधि की ओर से आयोजित महाआरती के लिए दशाश्वमेध घाट को 21 क्विंटल फूल-मालाओं से सजाया गया था। 21 अर्चकों और दुर्गाचरण इंटर कॉलेज की 42 देव कन्याओं ने वैदिक विधि-विधान से मां गंगा की महाआरती की। इस दौरान 51 हजार दीपों की रोशनी से घाट जगमगा उठा। आरती के दौरान राम जनम योगी ने लगातार 4 मिनट 21 सेकंड तक शंखनाद किया। शंख की गूंज सुनकर घाटों और गंगा में खड़े बजड़ों पर मौजूद श्रद्धालुओं ने तालियों और हर-हर महादेव के जयघोष से वातावरण को गुंजायमान कर दिया।
शहीदों के परिजनों को मिला भागीरथ शौर्य सम्मान
आयोजन के दौरान देश की रक्षा और सुरक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले जवानों के परिवारों को सम्मानित किया गया। रेलवे सुरक्षा बल के कांस्टेबल उताउर रहमान खान और कोलाहल यादव तथा सीआरपीएफ के शशिकांत सिंह और रामबिलास सिंह यादव के परिजनों को भागीरथ शौर्य सम्मान प्रदान किया गया। संस्था की ओर से प्रत्येक परिवार को एक-एक लाख रुपये की सम्मान राशि का चेक दिया गया।
इसके साथ ही गंगा सेवा निधि ने शहीद जवानों के बच्चों की शिक्षा की जिम्मेदारी उठाने की घोषणा की। इसके तहत बच्चों की कक्षा छह से 12वीं तक की पढ़ाई का पूरा शैक्षणिक खर्च वहन किया जाएगा।
सुरक्षा और स्वच्छता पर भी रहा जोर
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए घाट पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। निगरानी के लिए 30 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। भारत सेवा श्रम संघ के 100 स्वयंसेवकों और गंगा सेवा निधि के 150 वालंटियरों को व्यवस्थाओं में लगाया गया था। कार्यक्रम के दौरान एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं को गंगा की स्वच्छता बनाए रखने के लिए 'एक संकल्प गंगा किनारे' अभियान के तहत शपथ भी दिलाई गई।
महाआरती से पहले डॉ. रेवती साकलकर और उनके सहयोगी तबला वादकों ने भजन एवं देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। धार्मिक अनुष्ठान, सैन्य परंपरा और शहीदों के सम्मान से सजा दशाश्वमेध घाट का यह आयोजन देव दीपावली के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहा।