बंगाल की परंपरा, बनारस की आस्था… कालीपूजा में भक्तिमय हुई काशी

नवसंघ स्पोर्टिंग क्लब की कालीपूजा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, बंगीय परंपरा और काशी की संस्कृति का दिखा संगम
 

वाराणसी। धर्मनगरी काशी में मां काली की पूजा-अर्चना श्रद्धा और उल्लास के साथ की गई। शहर के विभिन्न बंगीय पूजा पंडालों में मां काली के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। पारंपरिक बंगीय रीति-रिवाजों और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। महिलाओं और बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक पूजा-अर्चना में भाग लिया।

मदनपुरा-देवनाथपुरा क्षेत्र स्थित नवसंघ स्पोर्टिंग क्लब के कालीपूजा पंडाल में विशेष आकर्षण देखने को मिला। यहां स्थापित मां काली की भव्य प्रतिमा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। पंडाल को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। देवनाथपुरा की गलियों से लेकर पांडेय हवेली मुख्य मार्ग तक झूमर लाइटों और रंग-बिरंगी विद्युत झालरों से की गई सजावट लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए क्लब के पदाधिकारियों एवं स्वयंसेवकों की ओर से व्यवस्थाएं संभाली जा रही हैं।

दीपावली की रात पंडाल में लगभग 12 फुट ऊंची मां काली की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच चक्षुदान और प्राण प्रतिष्ठा की रस्म पूरी की गई। इसके बाद कलश स्थापना सहित विधि-विधान से पूजन-अर्चन हुआ। देर रात महानिशीथ काल में विशेष तांत्रिक अनुष्ठान आयोजित किया गया, जो भोर तक चला। अर्धरात्रि के बाद भगवान गणेश सहित पंचदेवताओं की भी पूजा की गई।

नवसंघ स्पोर्टिंग क्लब के अलावा सोनारपुरा स्थित वाणी संघ, भेलूपुर के जिम स्पोर्टिंग क्लब, शारदोत्सव संघ और पांडेय हवेली सहित शहर के विभिन्न स्थानों पर भी मां काली की पूजा धूमधाम से की गई। देवनाथपुरा स्थित ऐतिहासिक शवशिवा काली मंदिर में भी विशेष पूजन-अर्चन हुआ। मान्यता है कि इस मंदिर की स्थापना वर्ष 1789 में पश्चिम बंगाल के राजा चंद्रराय के पुरोहित चंद्रशेखर शर्मा ने कराई थी। मंदिर में विराजमान मां काली की प्रतिमा की विशेषता है कि सामने से दर्शन करने पर शव के ऊपर भगवान शिव और उनके ऊपर मां काली के दर्शन होते हैं, जबकि पीछे की ओर से शिवलिंग दिखाई देता है।

बंगीय समाज में अमावस्या की रात मां काली की आराधना का विशेष धार्मिक महत्व है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मां काली की पूजा से भय का नाश होता है और नकारात्मक शक्तियों से मुक्ति मिलती है। काशी में आयोजित कालीपूजा के माध्यम से बंगाल की पारंपरिक धार्मिक संस्कृति और बनारस की आध्यात्मिक विरासत का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है।