काशी में जीवंत हुई द्वापर युग की लीला, कालिया नाग के फन पर नृत्य कर श्रीकृष्ण ने दिए दर्शन

तुलसी घाट पर विश्वप्रसिद्ध नागनथैया लीला का हुआ भव्य आयोजन, कदंब की डाल से गंगा में कूदे बाल कृष्ण, बंशी की धुन और जयकारों से गूंज उठा घाट
 
कदंब की डाल से गंगा में कूदे कन्हैया, नागनथैया लीला देख भावविभोर हुए श्रद्धालु

वाराणसी। धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी में शुक्रवार को तुलसी घाट पर विश्वप्रसिद्ध नागनथैया लीला का भव्य आयोजन हुआ। इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण की कालिया नाग मर्दन लीला ने श्रद्धालुओं को द्वापर युग की याद दिला दी। गंगा की लहरों के बीच आयोजित इस अद्भुत लीला को देखने के लिए दोपहर से ही तुलसी घाट पर श्रद्धालुओं और दर्शकों की भारी भीड़ जुटने लगी थी।

लीला के दौरान शाम करीब 4:40 बजे बाल स्वरूप में भगवान श्रीकृष्ण बने श्रेयन शर्मा ने कदंब की डाल से गंगा में छलांग लगाई। गेंद खोजने के बहाने नदी में उतरे कन्हैया ने कालिया नाग का मान मर्दन कर उसके फन पर नृत्य किया। इसके बाद बांसुरी की मधुर धुन के साथ भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन होते ही पूरा घाट जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने जय श्रीकृष्ण और हर-हर महादेव के उद्घोष के साथ इस अद्भुत दृश्य का स्वागत किया।

इस दौरान तुलसी घाट का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। गंगा की लहरों में कालिंदी का स्वरूप और काशी में वृंदावन जैसी छटा दिखाई दी। कुछ क्षणों के लिए ऐसा लगा मानो द्वापर युग की वही पौराणिक घटना काशी में फिर से साकार हो उठी हो। श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण की इस लीला को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करते नजर आए।

मान्यता है कि गोस्वामी तुलसीदास ने काशी में नागनथैया लीला की परंपरा शुरू की थी। वर्षों से चली आ रही यह परंपरा आज भी काशी की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। हर वर्ष इस आयोजन को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक तुलसी घाट पहुंचते हैं।