काशी विश्वनाथ के दरबार में पहुंचे नवागत मंडलायुक्त, विकास कार्यों को समय से पूरा कराने का दिया भरोसा

 काशी पहुंचे नवागत मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन, विश्वनाथ-कालभैरव दरबार में टेका मत्था
 

वाराणसी। नवागत मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन ने मंगलवार को वाराणसी पहुंचने के बाद श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और श्री कालभैरव मंदिर में दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार भी उनके साथ मौजूद रहे। वाराणसी में मंडलायुक्त का कार्यभार संभालने से पहले के. विजयेंद्र पांडियन कानपुर के मंडलायुक्त के पद पर तैनात थे।

दर्शन-पूजन के बाद मंडलायुक्त ने अपनी प्राथमिकताएं साझा करते हुए कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक सुगमता और प्राथमिकता के आधार पर पहुंचाना उनकी प्रमुख जिम्मेदारी होगी। इसके साथ ही विकास परियोजनाओं को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरा कराना और आम जनता की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक लाभार्थियों तक पहुंचे और विकास कार्यों में गुणवत्ता एवं समयबद्धता बनी रहे, इस दिशा में विशेष ध्यान दिया जाएगा। जनता की समस्याओं के समाधान को भी प्राथमिकता दी जाएगी।

कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर दे चुके हैं सेवाएं

के. विजयेंद्र पांडियन उत्तर प्रदेश कैडर के वर्ष 2008 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। उनका जन्म 18 जुलाई 1981 को हुआ था। उनके पास बीबीए और एलएलबी की डिग्री है। अपने प्रशासनिक कार्यकाल के दौरान वह जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, संयुक्त मजिस्ट्रेट, जिला कलेक्टर एवं मजिस्ट्रेट, उपाध्यक्ष और प्रबंध निदेशक समेत कई महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारी निभा चुके हैं। वह गोरखपुर के जिलाधिकारी और कानपुर के मंडलायुक्त के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं।

अब वाराणसी मंडल की जिम्मेदारी मिलने के बाद उनसे विकास परियोजनाओं को गति देने, सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की अपेक्षा रहेगी।