कफ सिरप सिंडिकेट का मास्टरमाइंड दुबई में छिपा, भारत लाने की तैयारी शुरू
वाराणसी। नेपाल और बांग्लादेश तक फैले प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप तस्करी के 2000 करोड़ रुपये के अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट मामले में वांछित आरोपी शुभम जायसवाल की गिरफ्तारी के लिए जांच एजेंसियों ने कार्रवाई तेज कर दी है। बताया जा रहा है कि वाराणसी निवासी शुभम जायसवाल फिलहाल दुबई में रह रहा है, जहां वह होटल कारोबार में साझेदारी के जरिए जुड़ा हुआ है।
जांच एजेंसियों के अनुसार, शुभम जायसवाल को पकड़ने के लिए विदेश मंत्रालय ने जून के दूसरे सप्ताह में दुबई प्रशासन को गिरफ्तारी वारंट सौंपा था। इसके साथ ही इंटरपोल और सीबीआई स्तर पर भी कानूनी प्रक्रिया जारी है। इंटरपोल की ओर से उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया जा चुका है।
सूत्रों के मुताबिक, शुभम जायसवाल पिछले वर्ष नवंबर से दुबई में रह रहा है। जांच एजेंसियों को जानकारी मिली है कि वह 10 वर्ष के गोल्डन वीजा पर दुबई में एक होटल चेन की फ्रेंचाइजी पार्टनरशिप में कारोबार कर रहा है। इससे पहले उसके दुबई के एक होटल से जुड़े फोटो और वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आए थे।
2000 करोड़ के सिंडिकेट का मुख्य आरोपी
वाराणसी के आदमपुर थाना क्षेत्र स्थित प्रह्लाद घाट निवासी शुभम जायसवाल पर आरोप है कि उसने शैली ट्रेडर्स के माध्यम से कफ सिरप तस्करी के बड़े नेटवर्क को संचालित किया। इस मामले में उसके कई सहयोगियों को जांच एजेंसियां गिरफ्तार कर चुकी हैं।
कफ सिरप तस्करी मामले में आलोक सिंह, अमित सिंह टाटा, अमित यादव समेत 75 से अधिक आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। सभी आरोपी वाराणसी, सोनभद्र, लखनऊ, कानपुर, कोलकाता और पश्चिमी उत्तर प्रदेश की अलग-अलग जेलों में बंद हैं।
दुबई से गिरफ्तारी हुई तो खुल सकते हैं कई राज
जांच एजेंसियों का मानना है कि शुभम जायसवाल की गिरफ्तारी के बाद इस अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़े कई अन्य लोगों के नाम सामने आ सकते हैं। आरोप है कि प्रभावशाली लोगों के संरक्षण में इस नेटवर्क को विदेशों तक फैलाया गया।
पूर्वांचल के आजमगढ़ निवासी अंडरवर्ल्ड डॉन अबू सलेम और प्रयागराज के शाइन सिटी मामले के आरोपी राशिद नसीम के बाद शुभम जायसवाल तीसरा ऐसा भगोड़ा है, जिसकी तलाश इंटरपोल कर रहा है।
सोनभद्र से शुरू हुई थी जांच
प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप तस्करी का पहला मामला 19 अक्टूबर 2025 को सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज कोतवाली में दर्ज हुआ था। पुलिस ने दो कंटेनरों से तीन करोड़ रुपये से अधिक कीमत की 1.19 लाख से ज्यादा नशीली कफ सिरप की शीशियां बरामद की थीं।
इसके बाद गाजियाबाद में कफ सिरप के गोदाम का खुलासा हुआ और जांच आगे बढ़ने पर तस्करी के पूरे नेटवर्क की परतें खुलती चली गईं। सोनभद्र पुलिस ने ही इस बड़े सिंडिकेट का पर्दाफाश किया था।