काशी के गौरव बिस्मिल्लाह खां की विरासत बदहाल, कांग्रेस ने डीएम को सौंपा ज्ञापन
वाराणसी। भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खां की पुश्तैनी धरोहर की जर्जर स्थिति और उनके परिवार की आर्थिक बदहाली को लेकर महानगर कांग्रेस कमेटी ने जिला प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है। इसके साथ ही शहर के विभिन्न मार्गों के डिवाइडरों पर कमल के फूल जैसी आकृतियां लगाए जाने पर भी कांग्रेस ने आपत्ति जताई है। दोनों मुद्दों को लेकर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और तत्काल कार्रवाई की मांग की।
महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खां केवल देश के महान शहनाई वादक ही नहीं, बल्कि काशी की गंगा-जमुनी तहजीब, सांप्रदायिक सौहार्द और भारतीय सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक थे। उन्होंने अपनी कला और साधना से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बनारस को पहचान दिलाई। इसके बावजूद आज हड़हा स्थित उनका पुश्तैनी मकान जर्जर हालत में है और परिवार आर्थिक संकट का सामना कर रहा है। यह स्थिति प्रशासनिक उपेक्षा को उजागर करती है।
उन्होंने बताया कि हाल ही में सामाजिक कार्यकर्ताओं और कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने उस्ताद बिस्मिल्लाह खां के पुश्तैनी आवास पर पहुंचकर परिवार के सदस्यों से मुलाकात की थी। इस दौरान मकान की खराब स्थिति और परिवार की आजीविका से जुड़ी समस्याओं की जानकारी मिली। चौबे ने सवाल उठाया कि जब शहर के सौंदर्यीकरण और विकास पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, तो देश की इस महान विभूति की ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण और उनके परिवार की सहायता के लिए ठोस कदम क्यों नहीं उठाए जा रहे हैं। उन्होंने मकान का तत्काल सर्वेक्षण कराकर जीर्णोद्धार कराने और परिवार को उचित आर्थिक एवं सामाजिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
डिवाइडरों पर कमल जैसी आकृतियों पर जताई आपत्ति
दूसरे मुद्दे पर कांग्रेस अध्यक्ष ने शहर के विभिन्न मार्गों के डिवाइडरों पर आधुनिक लाइटों के साथ कमल के फूल जैसी आकृतियां लगाए जाने पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कमल का फूल भारतीय जनता पार्टी का चुनाव चिह्न है। ऐसे में सरकारी धन से कराए जा रहे सौंदर्यीकरण कार्यों में किसी राजनीतिक दल के चुनाव चिह्न से मिलती-जुलती आकृतियों का इस्तेमाल उचित नहीं है। आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर इस तरह के कार्यों की निष्पक्षता पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
उन्होंने सुझाव दिया कि डिवाइडरों पर ऐसी आकृतियों के स्थान पर भगवान शिव के पवित्र प्रतीक डमरू और त्रिशूल लगाए जाएं, जिससे काशी की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को प्राथमिकता मिल सके। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक धन का उपयोग किसी राजनीतिक दल की पहचान को बढ़ावा देने के बजाय जनहित और शहर की सांस्कृतिक विरासत को संवारने में होना चाहिए।
राघवेंद्र चौबे ने कहा कि एक ओर सरकार काशी को विश्वस्तरीय शहर और सांस्कृतिक राजधानी के रूप में विकसित करने का दावा करती है, वहीं दूसरी ओर यहां की महान विभूतियों की धरोहर और उनके परिवारों की स्थिति पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है। काशी की पहचान किसी राजनीतिक दल के चुनाव चिह्न से नहीं, बल्कि बाबा विश्वनाथ, मां गंगा, गंगा-जमुनी संस्कृति, महान संतों और कलाकारों की विरासत से है।
प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से दोनों मामलों में गंभीरता से संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी काशी की सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के लिए अपनी आवाज उठाती रहेगी।
इस दौरान मनीष शर्मा, डॉ. राजेश गुप्ता, सतनाम सिंह, वकील अंसारी, प्रवीन प्रकाश, राजू राम, संतोष चौरसिया, हसन मेहदी कंब्बन, प्रमोद वर्मा, नरसिंह वर्मा, अब्दुल हमीद डोडे, आशीष केशरी, लोकेश सिंह, लालजी यादव, राजेश सोनकर, रविशंकर श्रीवास्तव, मो. उज्जैर, प्रेमदीप, पुलक, विजय देवल, जावेद वारसी, गोपाल चौबे, विकास पांडेय, प्रदीप सिंह और कृष्णा गौड़ समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।