काशी तमिल संगमम का 28 नवंबर को होगा भव्य शुभारंभ, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे उद्घाटन

नमो घाट पर 12 दिसंबर तक चलेगा आयोजन, तमिलनाडु से 1400 प्रतिनिधि सात समूहों में पहुंचेंगे काशी
 

वाराणसी। काशी और तमिलनाडु के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और भाषाई संबंधों को नई मजबूती देने के लिए काशी तमिल संगमम के पांचवें संस्करण का आयोजन 28 नवंबर से शुरू होगा। नमो घाट पर आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। 12 दिसंबर तक चलने वाले इस आयोजन में तमिलनाडु से करीब 1400 प्रतिनिधि शामिल होंगे। इनके लिए आठ दिवसीय यात्रा की व्यवस्था की गई है। प्रतिनिधियों को सात अलग-अलग समूहों में विभाजित किया गया है।

 

इस वर्ष काशी तमिल संगमम की थीम 'थिरुक्कुरल पयिलोम-थिरुक्कुरल अभ्यास करें' रखी गई है। इसके माध्यम से शास्त्रीय तमिल साहित्य के प्रसिद्ध ग्रंथ तिरुक्कुरल में निहित नैतिक मूल्यों, सदाचार और जीवनोपयोगी शिक्षाओं को देशभर के विद्यार्थियों और युवाओं तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य उत्तर और दक्षिण भारत की सांस्कृतिक विरासत को एक मंच पर लाने के साथ दोनों क्षेत्रों के बीच आपसी संवाद और सहयोग को बढ़ावा देना है।

 

कार्यक्रम के तहत तमिलनाडु से आने वाले प्रतिनिधि वाराणसी के अलावा प्रयागराज और अयोध्या का भी भ्रमण करेंगे। इस दौरान धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों के दर्शन के साथ शैक्षणिक संवाद, संगोष्ठियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। काशी में प्रतिनिधियों को काशी विश्वनाथ मंदिर, सारनाथ, रामनगर किला और भारत माता मंदिर सहित प्रमुख स्थलों से परिचित कराया जाएगा। गंगा आरती और अन्य धार्मिक-सांस्कृतिक गतिविधियां भी कार्यक्रम का हिस्सा होंगी।

इस बार आयोजन को केवल प्रतिनिधियों तक सीमित न रखते हुए देशभर के उच्च शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों को भी इससे जोड़ने की योजना बनाई गई है। इसके लिए एक हजार उच्च शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थी सहभागिता कार्यक्रम चलाया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को तिरुक्कुरल के अध्ययन, शोध और अकादमिक गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। निर्धारित मानकों को पूरा करने वाले विद्यार्थियों को 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी।

इसके अतिरिक्त तमिलनाडु से 50 शिक्षक उत्तर प्रदेश के विद्यालयों और महाविद्यालयों में पहुंचकर विद्यार्थियों को तिरुक्कुरल की शिक्षाओं से परिचित कराएंगे। आयोजन के दौरान बनारस हिंदू विश्वविद्यालय में तिरुक्कुरल पर राष्ट्रीय सम्मेलन भी प्रस्तावित है। इसमें शिक्षाविदों और विशेषज्ञों की सहभागिता रहेगी।

काशी तमिल संगमम का आयोजन केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की ओर से आईआईटी मद्रास, बनारस हिंदू विश्वविद्यालय, केंद्रीय शास्त्रीय तमिल संस्थान और उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से किया जा रहा है। इसके पिछले चार संस्करणों के माध्यम से काशी और तमिलनाडु के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा मिला है। पांचवें संस्करण में शिक्षा, साहित्य और सांस्कृतिक गतिविधियों के जरिए इस परंपरा को आगे बढ़ाने की तैयारी है।