काशी तमिल संगमम 5.0 का उत्साह बढ़ा, बीएचयू में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम
वाराणसी। काशी और तमिलनाडु की प्राचीन सभ्यता, कला एवं सांस्कृतिक विरासत को करीब लाने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले काशी तमिल संगमम 5.0 को लेकर पूर्व आयोजन गतिविधियां शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में फोटोग्राफी प्रतियोगिता और भजन संध्या का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों और प्रतिभागियों को दोनों क्षेत्रों की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को समझने तथा उन्हें रचनात्मक माध्यमों से प्रस्तुत करने का अवसर मिला।
फोटोग्राफी प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने काशी और तमिलनाडु की कला, संस्कृति, स्थापत्य, परंपराओं और जीवनशैली से जुड़े विभिन्न पहलुओं को अपने कैमरे में कैद किया। प्रतियोगिता के माध्यम से दोनों क्षेत्रों की सांस्कृतिक समानताओं, विविधताओं और ऐतिहासिक विरासत को तस्वीरों के जरिए सामने लाने का प्रयास किया गया।
प्रतियोगिता के तहत विद्यार्थियों ने हरिश्चंद्र घाट के समीप स्थित ऐतिहासिक कामकोटीश्वर मंदिर का भ्रमण किया। यह मंदिर कांची कामकोटि पीठम से जुड़ा हुआ है और अपनी विशिष्ट भारतीय स्थापत्य शैली एवं धार्मिक महत्ता के लिए जाना जाता है। मंदिर में शिव पंचायतन की देव प्रतिमाएं पारंपरिक वास्तुशिल्प सिद्धांतों के अनुरूप स्थापित हैं।
प्रतियोगिता में शामिल बीएचयू की छात्रा खुशी यादव ने मंदिर की स्थापत्य कला और ऐतिहासिक विशेषताओं को बेहद आकर्षक बताया। उन्होंने कहा कि मंदिर के इतिहास और उसकी विशिष्टताओं को करीब से जानना उनके लिए एक समृद्ध अनुभव रहा। उन्होंने काशी और तमिलनाडु की साझा सांस्कृतिक परंपराओं को समझने का अवसर मिलने पर भी प्रसन्नता व्यक्त की।
वहीं, शाम को बीएचयू परिसर स्थित विश्वनाथ मंदिर में भजन संध्या का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और विद्यार्थियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को काशी तमिल संगमम के उद्देश्यों और महत्व के साथ काशी एवं तमिलनाडु की साझा सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से परिचित कराया गया।
आयोजकों के अनुसार, इन पूर्व आयोजन गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों को काशी की परंपराओं, मंदिर स्थापत्य और आध्यात्मिक विरासत से जोड़ना तथा उत्तर और दक्षिण भारत के बीच सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करना है। काशी तमिल संगमम का पांचवां संस्करण 28 नवंबर से 12 दिसंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा।