नमो घाट पर काशी गंगा महोत्सव की सांस्कृतिक छटा, शिव स्तुति और कथक ने बांधा समां
नमो घाट पर कथक, सितार और शास्त्रीय गायन की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध
वाराणसी। आदमपुर क्षेत्र स्थित नमो घाट पर उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित चार दिवसीय काशी गंगा महोत्सव में भारतीय शास्त्रीय संगीत और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों का सिलसिला जारी है। 20 से 23 नवंबर तक आयोजित इस महोत्सव के दूसरे दिन शुक्रवार को कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ शिव स्तुति से हुआ। कलाकार सोनी सेठ के साथ संध्या मिश्रा ने कथक नृत्य के माध्यम से भगवान शिव की आराधना की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। इसके बाद 'डगरिया ना रोको श्याम, बिनती करत थक-थक हारी' की कथक प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया।
संगीत संध्या में सितार वादक पंडित नीरज मिश्रा ने अपनी मधुर सितार वादन से श्रोताओं को भारतीय शास्त्रीय संगीत की सुरमयी दुनिया में पहुंचा दिया। वहीं लखनऊ से आए शास्त्रीय गायक पंडित जयंत खोत ने अपनी सुरीली आवाज और शानदार गायन से खूब वाहवाही बटोरी।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण नन्हीं कलाकार सुश्री अदिति शर्मा रहीं। उन्होंने 'जय शिव शंकर, जय त्रिपुरारी, जय गंगाधर' गीत पर कथक नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति देकर दर्शकों का दिल जीत लिया। उनकी प्रस्तुति पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उत्साहवर्धन किया।
शास्त्रीय नृत्य, संगीत और भक्ति के अनूठे संगम ने नमो घाट के माहौल को पूरी तरह सांस्कृतिक रंग में रंग दिया। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर दर्शकों की लगातार गूंजती तालियों ने महोत्सव की रौनक बढ़ा दी। काशी गंगा महोत्सव के माध्यम से काशी की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और भारतीय शास्त्रीय कलाओं को मंच मिल रहा है।