चलो भक्तों शीतला धाम’ के जयकारों से गूंजा शहर, 25 वर्षों से जारी है अदलपुरा तक पदयात्रा का सिलसिला
वाराणसी। आदमपुर थाना क्षेत्र के तेलियाना फाटक स्थित डीह बाबा मंदिर परिसर से मां शीतला धाम अदलपुरा के लिए श्रद्धालुओं की पदयात्रा निकाली गई। ‘चलो भक्तों शीतला धाम’ के जयकारों के बीच निकली इस पदयात्रा में मोहल्ले के महिला, पुरुष और बच्चों समेत सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। श्रद्धालु लाइट और डीजे के साथ शाम को पदयात्रा पर रवाना हुए और भोर तक अदलपुरा स्थित मां शीतला धाम पहुंचे।
पदयात्रा का संचालन कन्हैया गुप्ता के नेतृत्व में किया गया। उन्होंने बताया कि तेलियाना क्षेत्र से मां शीतला धाम अदलपुरा तक पदयात्रा निकालने की परंपरा करीब 25 वर्षों से चली आ रही है। हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसमें शामिल होकर रातभर पैदल यात्रा करते हैं और भोर में मां शीतला के धाम पहुंचकर दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।
भाजपा पार्षद रोहित जायसवाल ने बताया कि यह पदयात्रा क्षेत्र की पुरानी धार्मिक परंपरा का हिस्सा है। श्रद्धालु तेलियाना से निकलकर गोलगड्डा, नंदी चौराहा, पीली कोठी, धनेसरा, हंस तीर्थ, विशेश्वरगंज, मैदागिन, गोदौलिया, रथयात्रा, ककरमत्ता और चितईपुर होते हुए अदलपुरा की ओर आगे बढ़ते हैं।
वहीं, अधिवक्ता अंकित अग्रहरि ने बताया कि वर्षों से चली आ रही इस धार्मिक यात्रा में हर वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती जा रही है। पदयात्रा के दौरान भक्तजन मां शीतला के जयकारे लगाते हुए भक्ति भाव के साथ अपने गंतव्य की ओर बढ़ते हैं।
भाजपा पार्षद जितेंद्र कुशवाहा ने बताया कि अदलपुरा धाम पहुंचने के बाद पदयात्रा में शामिल श्रद्धालु सबसे पहले मां गंगा का आशीर्वाद लेते हैं। इसके बाद स्नान-ध्यान कर भोर में मां शीतला की आरती में शामिल होते हैं। आरती में शामिल होकर श्रद्धालु स्वयं को सौभाग्यशाली मानते हैं और मां से सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना करते हैं।
इस धार्मिक पदयात्रा के दौरान पूरे मार्ग में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा। श्रद्धालु मां शीतला के जयकारों के साथ आगे बढ़ते रहे और भोर में अदलपुरा धाम पहुंचकर विधिवत दर्शन-पूजन किया।