डीएम का औचक निरीक्षण, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित होगा वाराणसी का डायट

 
वाराणसी के डायट को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाने की तैयारी तेज, डीएम सत्येंद्र कुमार ने किया औचक निरीक्षण

 

डीएम का औचक निरीक्षण, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित होगा वाराणसी का डायट

वाराणसी के डायट को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाने की तैयारी तेज, डीएम सत्येंद्र कुमार ने किया औचक निरीक्षण

वाराणसी। जनपद में शिक्षक प्रशिक्षण व्यवस्था को आधुनिक और सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने रविवार को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) परिसर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माणाधीन 100 सीटर बालक छात्रावास, बालिका छात्रावास में चल रहे लघु मरम्मत कार्य तथा डायट को 'सेंटर ऑफ एक्सीलेंस' के रूप में विकसित किए जाने की परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की भौतिक प्रगति का निरीक्षण करते हुए कार्यदायी संस्थाओं के अभियंताओं को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने डायट परिसर में प्रस्तावित मल्टीपरपज ट्रेनिंग हॉल एवं ऑडिटोरियम सहित अन्य विकास परियोजनाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि संस्थान को आधुनिक संसाधनों और अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाए, ताकि इसे प्रदेश के उत्कृष्ट शिक्षक प्रशिक्षण संस्थानों की श्रेणी में स्थापित किया जा सके।

जिलाधिकारी ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षक प्रशिक्षण बेहतर शिक्षा व्यवस्था की आधारशिला है। डायट को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित करने से प्रशिक्षण की गुणवत्ता में सुधार होगा और शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण पद्धतियों का लाभ मिलेगा।

निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को परियोजनाओं की नियमित निगरानी करने तथा सभी कार्यों को समयबद्ध एवं मानक गुणवत्ता के अनुरूप पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा के अनुरूप वाराणसी के डायट को आधुनिक एवं उत्कृष्ट प्रशिक्षण केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए सभी आवश्यक कदम प्राथमिकता के आधार पर उठाए जाएं।