‘काशी चाट भंडार’ चलाने वाले छात्र ने फंदा लगाकर दी जान, परिवार में मचा कोहराम

 
 

वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र के शीतल नगर परमानंदपुर में एक छात्र द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। बीए तृतीय वर्ष के छात्र अभय जायसवाल का शव बुधवार सुबह उनके कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार शीतल नगर निवासी गोपाल जायसवाल का 23 वर्षीय पुत्र अभय जायसवाल पढ़ाई के साथ-साथ चांदमारी पेट्रोल पंप के पास ‘काशी चाट भंडार’ नाम से चाट की दुकान भी चलाता था। मंगलवार रात रोज की तरह दुकान बंद कर वह घर लौटा और परिवार के साथ भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया।

सुबह कमरे में मिला शव

परिजनों ने बताया कि बुधवार सुबह काफी देर तक अभय कमरे से बाहर नहीं निकला तो उन्हें चिंता हुई। कई बार आवाज देने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद परिवार के लोगों ने अधखुली खिड़की से अंदर झांका तो अभय का शव पंखे से चादर के सहारे लटका दिखाई दिया।

यह दृश्य देखते ही घर में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना तुरंत अभय के बड़े भाई प्रभात जायसवाल को दी गई, जो पुलिस विभाग में तैनात हैं और वर्तमान में ज्ञानवापी परिसर में ड्यूटी कर रहे हैं।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी

भाई के घर पहुंचने के बाद दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा गया। सूचना पर शिवपुर थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार आत्महत्या के पीछे के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

मृतक अभय जायसवाल दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। बेटे की मौत से मां विद्या देवी, पिता गोपाल जायसवाल और पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।