दिल्ली से सुपौल तक सफर हुआ आसान, आज से रोज चलेगी स्पेशल ट्रेन
वाराणसी। यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने नई दिल्ली और सुपौल के बीच प्रतिदिन आरक्षित विशेष एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। ट्रेन संख्या 04072/04071 नई दिल्ली–सुपौल–नई दिल्ली आरक्षित विशेष एक्सप्रेस का संचालन गुरुवार से शुरू हो गया है। इस विशेष ट्रेन का वाराणसी जंक्शन पर भी ठहराव रहेगा, जिससे पूर्वांचल के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, गाड़ी संख्या 04072 नई दिल्ली से 6 अगस्त से 30 सितंबर तक प्रतिदिन संचालित होगी। इस अवधि में ट्रेन कुल 56 फेरे लगाएगी। वहीं, गाड़ी संख्या 04071 सुपौल से 7 अगस्त से 1 अक्टूबर तक प्रतिदिन चलेगी और यह भी कुल 56 फेरे लगाएगी।
नई दिल्ली से चलने वाली यह विशेष ट्रेन रात 9:35 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन दोपहर 2:35 बजे वाराणसी जंक्शन पहुंचेगी। यहां 10 मिनट के ठहराव के बाद ट्रेन दोपहर 2:45 बजे सुपौल के लिए रवाना होगी।
वापसी यात्रा में सुपौल से ट्रेन सुबह 7:45 बजे चलेगी और रात 10:30 बजे वाराणसी जंक्शन पहुंचेगी। यहां 10 मिनट रुकने के बाद रात 10:40 बजे नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेगी तथा अगले दिन दोपहर 3:00 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस विशेष ट्रेन में कुल 16 कोच लगाए गए हैं। इनमें थर्ड एसी के 2 कोच, स्लीपर श्रेणी के 8 कोच, सामान्य श्रेणी के 4 कोच तथा 2 एसएलआरडी (गार्ड सह लगेज) कोच शामिल हैं।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि त्योहारों और अवकाश के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए यह विशेष ट्रेन चलाई जा रही है, जिससे दिल्ली, वाराणसी और बिहार के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी।