शिवभक्तों की राह होगी सुरक्षित, कांवड़ मार्ग पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू
वाराणसी। श्रावण मास में कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ने व्यापक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल एवं जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने रिंग रोड फेज-2 स्थित रखौना से हरहुआ तक कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात एवं भीड़ प्रबंधन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान रखौना अंडरपास पर संभावित जाम की स्थिति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने आवश्यकता पड़ने पर तत्काल वैकल्पिक यातायात व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए। पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया कि प्रयागराज से मोहनसराय होते हुए रिंग रोड पर रखौना से हरहुआ तक एक लेन पूरी तरह कांवड़ यात्रियों के लिए आरक्षित रहेगी। इस लेन में किसी भी अन्य वाहन का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने कांवड़ मार्ग पर स्थापित विश्राम स्थलों, अस्थायी पुलिस सहायता केंद्रों, चिकित्सा शिविरों एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। सभी कट प्वाइंट्स पर जिग-जैग बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने, अवैध कटों को तत्काल बंद कराने तथा प्रत्येक संवेदनशील स्थान पर 24 घंटे पीआरवी एवं फैंटम पुलिस टीम की तैनाती के निर्देश दिए गए।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा एवं निर्बाध आवागमन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को लगातार फील्ड में रहकर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन तथा त्वरित पुलिस रिस्पॉन्स सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) शिवहरि मीणा, अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) आलोक प्रियदर्शी, पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नीतू कादयान, अपर पुलिस उपायुक्त गोमती नृपेन्द्र कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अंशुमान मिश्रा सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।