बनारस रोपवे में लगेगा स्मार्ट सेफ्टी सिस्टम, विदेश से होगी मॉनिटरिंग
वाराणसी। देश की पहली अर्बन पब्लिक ट्रांसपोर्ट रोपवे परियोजना को लेकर सुरक्षा व्यवस्थाओं को अत्याधुनिक बनाया जा रहा है। अगस्त से शुरू होने जा रही वाराणसी रोपवे सेवा की निगरानी अब स्विट्जरलैंड के विशेषज्ञों की मदद से की जाएगी। जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग रोपवे में हाल ही में आई तकनीकी खराबी के बाद बनारस रोपवे की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन और तकनीकी एजेंसियां विशेष सतर्कता बरत रही हैं।
रोपवे परियोजना में आधुनिक इलेक्ट्रिकल और कंट्रोल सिस्टम लगाए जा रहे हैं। पूरे नेटवर्क का संचालन अत्याधुनिक स्काडा (SCADA - Supervisory Control and Data Acquisition) सॉफ्टवेयर के जरिए होगा। इसके माध्यम से कैंट, विद्यापीठ, रथयात्रा समेत सभी पांच स्टेशनों से एक साथ रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जा सकेगी।
स्विट्जरलैंड से होगी तकनीकी मॉनिटरिंग
परियोजना में शामिल स्विट्जरलैंड की कंपनी बार्थोलेट के विशेषज्ञ किसी भी आपात स्थिति या तकनीकी खराबी की स्थिति में ऑनलाइन सिस्टम एक्सेस कर सकेंगे। रिमोट मॉनिटरिंग के जरिए फॉल्ट रिकवरी और सर्विसिंग में तत्काल तकनीकी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
हर गतिविधि पर सेंसर की नजर
रोपवे स्टेशनों पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए हाईटेक सेंसर और स्कैनर लगाए गए हैं। गोंडोला (केबिन) के स्टेशन में प्रवेश से लेकर बाहर निकलने तक हर गतिविधि की निगरानी होगी। केबिन की स्पीड, त्वरण और मंदी को सेंसर नियंत्रित करेंगे ताकि यात्रियों को किसी प्रकार का झटका महसूस न हो।
गोंडोला के दरवाजों की ओपनिंग और क्लोजिंग प्रक्रिया भी सेंसर आधारित होगी। दरवाजे पूरी तरह बंद होने के बाद ही केबिन आगे बढ़ सकेगा। इसके अलावा केबल को पकड़ने वाले ग्रिप्स के लॉक और अनलॉक होने की प्रक्रिया पर भी लगातार नजर रखी जाएगी।
तारों और पुलियों की होगी लगातार जांच
रोपवे के मुख्य तारों की सुरक्षा के लिए विशेष स्कैनर लगाए जा रहे हैं, जो यह जांचेंगे कि कहीं तार घिसकर पतले तो नहीं हो रहे। तार की मजबूती, उसकी आंतरिक संरचना और पुलियों पर उसकी सही स्थिति की लगातार निगरानी की जाएगी।
ड्राइव और रिटर्न पुली की पोजीशनिंग और उनके लाइनर्स की स्थिति पर भी तकनीकी टीम की नजर रहेगी। टावरों पर लगाए गए उन्नत सुरक्षा उपकरण यह सुनिश्चित करेंगे कि रोपवे का तार अपनी निर्धारित स्थिति में बना रहे और गोंडोला की आवाजाही पूरी तरह सुरक्षित एवं बाधारहित हो।
देश के सबसे सुरक्षित शहरी रोपवे में होगी शामिल
वीडीए उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा ने बताया कि परियोजना में स्टेशन, टावर और रिमोट सॉफ्टवेयर आधारित त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था विकसित की जा रही है। इससे न केवल शहर के ट्रैफिक दबाव को कम करने में मदद मिलेगी, बल्कि वाराणसी रोपवे देश की सबसे सुरक्षित अर्बन रोपवे प्रणालियों में भी शामिल होगी।