सिलवासा मर्डर केस का खुलासा, पत्नी की हत्या कर भागा आरोपी वाराणसी से गिरफ्तार
वाराणसी। दादरा एवं नगर हवेली के सिलवासा थाना क्षेत्र में पत्नी की हत्या कर शव को सूटकेस में बंद कर फरार हुए आरोपी को उत्तर प्रदेश एसटीएफ की वाराणसी फील्ड यूनिट और सिलवासा पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अपनी पहचान छिपाकर वाराणसी के मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के चांदपुर स्थित इंडस्ट्रियल एस्टेट में मजदूरी कर रहा था। पुलिस ने सोमवार को दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया।
दो महीने पुराना मिला था महिला का शव
पुलिस के अनुसार, तीन अगस्त 2026 को सिलवासा के टोकर खड़ा क्षेत्र स्थित एक मकान से सूटकेस के अंदर महिला का शव बरामद हुआ था। शव करीब दो महीने पुराना बताया गया। मृतका की पहचान छोटी उपाध्याय के रूप में हुई थी।
मकान मालिक जब कमरा किसी अन्य व्यक्ति को किराये पर देने के लिए पहुंचा और दरवाजा खोला तो अंदर से तेज दुर्गंध आने पर उसे संदेह हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे की तलाशी ली तो सूटकेस के अंदर महिला का शव मिला। जांच में सामने आया कि शव को प्लास्टिक से ढककर सूटकेस में बंद किया गया था।
हत्या के बाद वाराणसी में छिपकर रह रहा था आरोपी
घटना के बाद से आरोपी ऋषभ कुमार सिंह सिलवासा से फरार था। वह वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था। एसटीएफ को उसके वाराणसी में मौजूद होने की सूचना मिली थी।
सूचना के आधार पर निरीक्षक अमित श्रीवास्तव के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अंगद सिंह यादव और उपनिरीक्षक विनय मौर्य की टीम ने सिलवासा पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई की। टीम ने सोमवार को मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के चांदपुर स्थित इंडस्ट्रियल एस्टेट में शुभकामना रियल टेक एलएलपी के पास दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गांव की युवती से किया था प्रेम विवाह
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बिहार के नवादा जिले के रोह थाना क्षेत्र के सिउर गांव का रहने वाला है। उसने अपने ही गांव की छोटी उपाध्याय से प्रेम विवाह किया था। इस मामले में बिहार के रोह थाने में अपहरण का मुकदमा भी दर्ज हुआ था।
पुलिस के मुताबिक, शादी के बाद ऋषभ के परिवार वाले छोटी को बहू के रूप में स्वीकार नहीं कर रहे थे। इसी वजह से दोनों के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था। छोटी लगातार ऋषभ पर उसे ससुराल ले जाने का दबाव बना रही थी।
नौ जून को किराये के कमरे में की हत्या
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि इसी विवाद के बीच नौ जून 2026 की शाम सिलवासा स्थित किराये के कमरे में ऋषभ ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने शव को प्लास्टिक में लपेटकर सूटकेस में बंद कर दिया और मौके से फरार हो गया।
करीब दो महीने बाद मकान मालिक के कमरे में पहुंचने पर सूटकेस से शव बरामद हुआ और मामले का खुलासा हुआ।
ट्रांजिट रिमांड पर सिलवासा ले जाएगी पुलिस
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को सीजेएम वाराणसी की अदालत में पेश किया गया। अदालत से सिलवासा पुलिस ने आरोपी का ट्रांजिट रिमांड हासिल कर लिया है। अब सिलवासा पुलिस उसे अपने साथ ले जाकर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और पूछताछ करेगी।