अवैध शराब बिक्री पर सिगरा पुलिस का एक्शन, दुकान संचालक गिरफ्तार
वाराणसी। सिगरा थाना पुलिस ने कैंट क्षेत्र में चाय की दुकान की आड़ में संचालित अवैध शराब कारोबार का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दुकान से भारी मात्रा में अवैध शराब की बोतलें और बीयर के केन बरामद किए हैं। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, रोडवेज पुलिस चौकी के समीप विजया नगरम मार्केट स्थित एक चाय की दुकान पर अवैध रूप से शराब बेचे जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा एवं रोडवेज चौकी प्रभारी विकास सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की।
तलाशी के दौरान दुकान में छिपाकर रखी गई अवैध शराब और बीयर की खेप बरामद हुई। पुलिस ने मौके से दुकान संचालक, जिसे स्थानीय लोग 'बाबा जी' के नाम से जानते हैं, को गिरफ्तार कर लिया तथा बरामद शराब को कब्जे में ले लिया।
पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य संभावित लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
सिगरा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।