Shivakant Mishra transferred: कैंट से सिगरा तक दिखा सख्त अंदाज, अब लखनऊ भेजे गए इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा 

 कैंट और सिगरा में अपनी सख्त कार्यशैली को लेकर रहे सुर्खियों में, नवंबर 2026 की स्थानांतरण प्रक्रिया के तहत मिली नई तैनाती
 

सिगरा थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा का वाराणसी से लखनऊ तबादला, पुलिस महकमे में चर्चा तेज

वाराणसी। शहर के चर्चित पुलिस अधिकारियों में शामिल सिगरा थाना प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्रा का स्थानांतरण वाराणसी से लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट कर दिया गया है। पुलिस स्थापना बोर्ड के अनुमोदन के बाद नवंबर 2026 की कार्यवाही के तहत उनका तबादला किया गया है।

वाराणसी में उनके स्थानांतरण की खबर सामने आने के बाद पुलिस महकमे और स्थानीय स्तर पर इसकी चर्चा शुरू हो गई है।

शिवाकांत मिश्रा ने वाराणसी में कैंट थाना प्रभारी के रूप में भी जिम्मेदारी संभाली थी। इसके बाद मई 2026 में उन्हें सिगरा थाने की कमान सौंपी गई। दोनों ही थाना क्षेत्रों में तैनाती के दौरान उनकी कार्यशैली को लेकर वे चर्चा में रहे। खास तौर पर अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई, सड़कों पर अव्यवस्थित पार्किंग पर रोक लगाने और अवैध गतिविधियों के विरुद्ध सख्ती को उनकी पहचान के तौर पर देखा गया।

सिगरा और कैंट जैसे व्यस्त इलाकों में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने और सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण हटाने को लेकर उनकी सक्रियता सामने आती रही। इसी वजह से स्थानीय लोगों के बीच भी उनकी अलग पहचान बनी। सोशल मीडिया पर भी उनकी कार्यशैली को लेकर समय-समय पर चर्चा होती रही।

गोरखपुर के मूल निवासी शिवाकांत मिश्रा को  अब वाराणसी में अपनी जिम्मेदारी पूरी करने के बाद शिवाकांत मिश्रा को लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में नई तैनाती मिली है। उनके स्थानांतरण के बाद सिगरा थाने की जिम्मेदारी किस अधिकारी को सौंपी जाएगी, इस पर आगे की आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।