वाराणसी में सात दिवसीय 31वें बनारस पुस्तक मेले का आयोजन, साहित्य और ज्ञान की पुस्तकों से सजा परिसर

 किताबों के संग विचारों का संगम, वाराणसी में 31वें बनारस पुस्तक मेले की रौनक
 

 वाराणसी। शहर के सिगरा स्थित चन्दुआ छित्तूपुर के कुशवाहा भवन परिसर में मोतीलाल मानव उत्थान समिति की ओर से 16 से 22 नवंबर तक 31वें बनारस पुस्तक मेले का आयोजन किया जा रहा है। सात दिवसीय इस पुस्तक मेले में साहित्य, शिक्षा, संस्कृति, स्वास्थ्य और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न विषयों पर पुस्तकें पाठकों के लिए उपलब्ध हैं।

मेले का उद्देश्य उपयोगी साहित्य को आम लोगों तक पहुंचाना और पुस्तकों के माध्यम से समाज की समस्याओं के समाधान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

पुस्तक मेले में विभिन्न विषयों पर गोष्ठियों, परिचर्चाओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। भारतीय संविधान व्याख्यानमाला के तीसरे संस्करण के अंतर्गत 'आपका मत, आपका अधिकार' विषय पर परिचर्चा आयोजित की गई।

इसके अलावा विद्यालयी बच्चों में व्यवहारगत समस्याएं एवं उनका प्रबंधन, उपन्यासकार कुशवाहा कान्त के साहित्यिक योगदान, हृदय संबंधी समस्याओं और मानसिक स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा हुई।

मेले में ई-बुक्स 'द इनविजिबल ओवर टाइम' का लोकार्पण, सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता और बाढ़ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र रही। वहीं लोक सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ प्रेमचंद की कहानी 'सबसे बड़ा तीर्थ' पर चर्चा, बौद्धायन सोसाइटी की ओर से काव्य तरंग और विभिन्न साहित्यिक गतिविधियों के माध्यम से साहित्य एवं संस्कृति को बढ़ावा दिया जा रहा है। समापन समारोह में 'कमला देवी सम्मान' प्रदान किया जाएगा।

पुस्तक मेले में ऐतिहासिक, साहित्यिक, शैक्षणिक, धार्मिक, स्वास्थ्य, कानूनी, बाल साहित्य और प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकों के साथ शब्दकोश सहित कई विधाओं की पुस्तकें उपलब्ध हैं। पिलीग्रीम बुक हाउस, मौर्या पुस्तक केंद्र, ठाकुर प्रसाद, विश्वविद्यालय प्रकाशन, सर्व भाषा ट्रस्ट और उपकार प्रकाशन आगरा सहित विभिन्न प्रकाशकों का सहयोग मिल रहा है।

मेले का उद्घाटन 16 नवंबर को अपराह्न 3:30 बजे साहित्यकार एवं नागरी प्रचारिणी सभा के प्रधानमंत्री व्योमेश शुक्ल ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के समाज कार्य विभाग के आचार्य एवं निदेशक आउटरीच प्रो. संजय ने की।

विशिष्ट अतिथि के रूप में राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय, वाराणसी के प्रो. डॉ. ए.के. सोनकर उपस्थित रहे।

आयोजकों के अनुसार पुस्तक मेला केवल पुस्तकों की खरीद-बिक्री का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में पढ़ने की संस्कृति विकसित करने, नई पीढ़ी को साहित्य से जोड़ने और विचारों के आदान-प्रदान का एक महत्वपूर्ण मंच है। मेले में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है।