वाराणसी में सनसनीखेज वारदात, लापता M.Sc छात्रा की प्रेमी के बाथरूम में मिली लाश

 
वाराणसी के रोहनिया में तीन दिन से लापता एमएससी छात्रा श्रेया उपाध्याय का शव प्रेमी विवेक चौबे के बंद कमरे के बाथरूम से बरामद हुआ। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के रोहनिया इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां पिछले तीन दिनों से लापता एमएससी (M.Sc) की छात्रा श्रेया उपाध्याय का शव उसके प्रेमी विवेक चौबे के कमरे के बाथरूम से सड़ी गली हालत में बरामद हुआ है।

बेटी की तलाश में भटकती हुई मां जब खुद चाबी लेकर कमरे पर पहुंची, तो अंदर का खौफनाक मंजर देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। 

17 अगस्त से लापता थी छात्रा

परिजनों के अनुसार, श्रेया उपाध्याय बीती 17 अगस्त को कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। काफी खोजबीन और सगे-संबंधियों से पूछताछ के बाद भी जब उसका कहीं सुराग नहीं लगा, तो परेशान परिवार ने स्थानीय थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। 

मोबाइल सर्विलांस से खुला राज

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने छात्रा के मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लिया। सर्विलांस की मदद से श्रेया की आखिरी लोकेशन रोहनिया के बच्छांव स्थित मालवीय इंटर कॉलेज के पास एक कमरे पर मिली। जब पुलिस टीम उस ठिकाने पर पहुंची, तो वहां बाहर से ताला लटका हुआ था। 

मां ने खुद खोला दरवाजा, अंदर पड़ा था शव

शुक्रवार सुबह मृतका की मां सुराग ढूंढते हुए श्रेया के प्रेमी विवेक चौबे के ननिहाल पहुंच गईं। वहां से उन्हें विवेक के उस बंद कमरे की चाबी हासिल हुई।

मां जब चाबी लेकर दोबारा लोकेशन वाले मकान पर पहुंचीं और ताला खोला, तो अंदर से भारी बदबू आ रही थी। घबराई मां ने जब अंदर जाकर बाथरूम का दरवाजा खोला, तो वहां श्रेया की तीन दिन पुरानी लहूलुहान लाश पड़ी हुई थी। 

प्रेमी विवेक चौबे फरार, पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही रोहनिया थाना पुलिस और उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि श्रेया और विवेक चौबे एक-दूसरे से प्यार करते थे।

वारदात के बाद से ही आरोपी प्रेमी विवेक चौबे फरार है। पुलिस की कई टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।