वाराणसी में स्कूल-कॉलेजों सुरक्षा सख्त,एंटी रोमियो टीमें गठित...साइबर अपराध और श्रावण व्यवस्था पर दिए कड़े निर्देश
वाराणसी। शहर में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने शनिवार को यातायात लाइन सभागार में आयोजित मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी में अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए। बैठक में स्कूल-कॉलेजों की सुरक्षा, साइबर अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं के समयबद्ध निस्तारण, यातायात सुधार और आगामी श्रावण माह की सुरक्षा तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
पुलिस कमिश्नर ने स्कूल और कॉलेज खुलने के मद्देनजर सभी थाना प्रभारियों को थाना स्तर पर एंटी रोमियो टीमों को सक्रिय करने तथा शोहदों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही सभी शिक्षण संस्थानों के मुख्य प्रवेश द्वारों पर सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने के लिए प्रबंधन को नोटिस जारी कर शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा।
साइबर अपराध पर रहेगा विशेष फोकस
बैठक में Cy-Vajra अभियान की समीक्षा करते हुए प्रत्येक थाना प्रभारी को कम से कम 10 साइबर मामलों में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। फ्रॉड मोबाइल नंबर, म्यूल अकाउंट और साइबर अपराध हॉटस्पॉट की पहचान कर उनके खिलाफ अभियान चलाने तथा आम लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया।
ये भी पढ़ें - रथयात्रा मेले की तैयारियां तेज, पॉलीथिन मुक्त आयोजन पर नगर निगम का जोर
60 और 90 दिन में पूरी हों विवेचनाएं
पुलिस कमिश्नर ने सभी विवेचनाओं का 60 और 90 दिनों की निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ई-साक्ष्य (SID) प्रणाली और ई-सम्मन तामिला को शत-प्रतिशत लागू करने पर बल देते हुए कहा कि जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
आदतन अपराधियों पर कड़ी निगरानी
उन्होंने चेन स्नैचिंग, लूट, चोरी, नकबजनी, गोकशी और धर्मांतरण जैसे मामलों में संलिप्त आदतन अपराधियों की सूची तैयार कर उनकी नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए। गैंग बनाकर अपराध करने वालों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट सहित कठोर कानूनी कार्रवाई और अपराध से अर्जित संपत्तियों की जब्ती की प्रक्रिया तेज करने को कहा गया।
ये भी पढ़ें - वाराणसी में एयर शो की तैयारियां तेज, गंगा के ऊपर फाइटर विमानों की गर्जना से रोमांचित हुई काशी!
10 प्रमुख मार्गों पर कम होगा ट्रैफिक जाम
यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए RTC (Reducing Traffic Congestion) योजना के तहत शहर के 10 प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक जाम कम करने, अवैध अतिक्रमण हटाने और यात्रा समय में 25 प्रतिशत तक कमी लाने का लक्ष्य तय किया गया। इसके अलावा रॉन्ग साइड ड्राइविंग, अवैध पार्किंग और दुर्घटना संभावित स्थलों पर विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
श्रावण माह के लिए विशेष सुरक्षा योजना
आगामी श्रावण माह को देखते हुए श्री काशी विश्वनाथ मंदिर, प्रमुख कांवड़ मार्गों और घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए गए। इसके तहत सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन निगरानी, बॉडी वॉर्न कैमरे, पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही घाटों पर बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को समय से पूरा करने पर भी विशेष जोर दिया गया।