सावन के पहले सोमवार पर स्कूलों की छुट्टी! रविवार को को चली कक्षाएं...

 वाराणसी में सावन के पहले सोमवार 3 अगस्त 2026 को कांवड़ यात्रा के मद्देनजर सीबीएसई, आईसीएसई, यूपी बोर्ड सहित सभी मान्यता प्राप्त स्कूलों को सोमवार को अवकाश और रविवार को कक्षाएं चलाने की अनुमति दी गई है।
 

वाराणसी। सावन के पहले सोमवार (3 अगस्त 2026) को कांवड़ यात्रा और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) ने महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं।

नगर क्षेत्र और प्रमुख कांवड़ मार्गों पर स्थित विद्यालयों को स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार सोमवार को अवकाश घोषित करने तथा आवश्यकता पड़ने पर रविवार (2 अगस्त) को कक्षाएं संचालित करने की अनुमति दी गई है।

डीआईओएस के आदेश के अनुसार यह व्यवस्था सीबीएसई, आईसीएसई, यूपी बोर्ड सहित सभी मान्यता प्राप्त विद्यालयों पर लागू होगी। विद्यालय प्रबंधन अपने क्षेत्र की यातायात व्यवस्था, कांवड़ मार्ग और विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रविवार को शिक्षण कार्य और सोमवार को अवकाश का निर्णय ले सकते हैं।

प्रशासन का कहना है कि सावन के पहले सोमवार को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर सहित शहर के प्रमुख शिवालयों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और कांवड़िए पहुंचेंगे। ऐसे में शहर के कई मार्गों पर यातायात प्रभावित रहने की संभावना है।

विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह फैसला लिया गया है।

डीआईओएस ने सभी स्कूल प्रबंधनों को निर्देश दिया है कि यदि वे रविवार को कक्षाएं और सोमवार को अवकाश रखने का निर्णय लेते हैं, तो इसकी सूचना समय रहते छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा या भ्रम की स्थिति न बने।

इसके अलावा मिड-डे मील व्यवस्था से जुड़ी संस्थाओं, विशेष रूप से अक्षय पात्र फाउंडेशन को भी पूर्व सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि भोजन वितरण की व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके।

जिला विद्यालय निरीक्षक ने स्पष्ट किया कि यह निर्णय स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार विद्यालयों को लचीलापन देने और सावन के पहले सोमवार पर सुरक्षित एवं व्यवस्थित शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया गया है।