रिंग रोड से सीधे जुड़ेगा सारनाथ, एलिवेटेड रोड निर्माण कार्य तेज

 

वाराणसी। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सारनाथ की कनेक्टिविटी को बेहतर करने के उद्देश्य से फरीदपुर से सारनाथ के बीच निर्माणाधीन एलिवेटेड रोड परियोजना का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। गुरुवार को नगर निगम, जिला प्रशासन एवं सेतु निगम के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना के निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की बाधा न आने पाए। उन्होंने वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) के साथ समन्वय बनाकर निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने पर विशेष जोर दिया।

निर्माणाधीन एलिवेटेड रोड वाटर ट्रीटमेंट प्लांट (डब्ल्यूटीपी), सारनाथ रेलवे स्टेशन, वियतनाम मंदिर तथा कस्तूरबा गांधी विद्यालय के समीप से होकर गुजरेगी। परियोजना पूर्ण होने के बाद आउटर रिंग रोड से सारनाथ तक सीधा और सुगम संपर्क स्थापित होगा। इससे स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को भी यातायात जाम से राहत मिलेगी और यात्रा अधिक सुविधाजनक होगी।

निरीक्षण के दौरान सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव, स्मार्ट सिटी के मुख्य अभियंता अमरेंद्र तिवारी, जिला प्रशासन तथा सेतु निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।