सारनाथ पुलिस ने 24 घंटे के भीतर लूटकांड का किया खुलासा, तीन शातिर गिरफ्तार
वाराणसी। थाना सारनाथ पुलिस ने लूट की एक सनसनीखेज घटना का त्वरित अनावरण करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चार मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल तथा 2510 रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपियों ने एक युवक को रास्ते में रोककर मारपीट की थी और उसके मोबाइल फोन के जरिए 91 हजार रुपये अपने नियंत्रण वाले खाते में ट्रांसफर करा लिए थे।
पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन, अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन तथा सहायक पुलिस आयुक्त सारनाथ के नेतृत्व में थाना सारनाथ पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अनीश कुमार चौबे उर्फ विशाल चौबे (27 वर्ष), धीरज यादव उर्फ गोलू (24 वर्ष) और अनिकेत यादव उर्फ गोलू (26 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों वाराणसी के चोलापुर और सिंधौरा क्षेत्र के निवासी हैं।
31 मई को हुई थी वारदात
पुलिस के अनुसार 31 मई 2026 को एक युवक ने थाना सारनाथ में शिकायत दर्ज कराई थी कि सिंहपुर रिंग रोड के पास तीन अज्ञात युवकों ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की तथा नगदी छीनने के साथ ही मोबाइल फोन के जरिए जबरन 91 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए थे।
गेमिंग अकाउंट में ट्रांसफर कराए रुपये
पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी अनीश चौबे ने बताया कि पकड़े जाने के डर से उन्होंने पीड़ित से सीधे अपने बैंक खाते में पैसे ट्रांसफर नहीं कराए। इसके बजाय ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े एक खाते में रकम डलवाई गई थी, जहां से बाद में पैसा व्यक्तिगत खाते में ट्रांसफर कर निकालने की योजना थी। हालांकि इससे पहले ही पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
बरामद हुआ सामान
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 04 मोबाइल फोन, ₹2510 नकद,घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर प्लस मोटर साइकिल बरामद की है।
पुलिस की सक्रियता से खुला मामला
सारनाथ पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।