बुलेट पर हथियारों का जखीरा लेकर घूम रहा था युवक! वाराणसी पुलिस ने दबोचा,अवैध हथियार बरामद...
Varanasi News: ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत सारनाथ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो पिस्टल और कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार
वाराणसी। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे "ऑपरेशन चक्रव्यूह" के तहत सारनाथ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अवैध शस्त्र और कारतूस के साथ एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से दो पिस्टल, कई जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 16 जून की रात थाना सारनाथ क्षेत्र में चेकिंग अभियान के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक बुलेट सवार युवक अवैध हथियारों के साथ किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने हृदयपुर अंडरपास के पास घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
पूछताछ में उसकी पहचान बृजेश मिश्रा (32 वर्ष) निवासी हीरामनपुर, थाना सारनाथ के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से दो अवैध पिस्टल .32 बोर, चार जिंदा कारतूस .32 बोर, सात खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस 9 एमएम तथा एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ कर यह भी पता लगाया जा रहा है कि वह हथियार कहां से लाया था और उनका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन, अपर पुलिस उपायुक्त और एसीपी सारनाथ के पर्यवेक्षण में की गई। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।