वाराणसी में साड़ी व्यवसायी ने लाइसेंसी पिस्टल से खुद को मारी गोली, हालत गंभीर
वाराणसी। कैंट थाना क्षेत्र के पांडेयपुर में गुरुवार सुबह एक साड़ी व्यवसायी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। गोली सिर में फंस जाने के कारण उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। परिजनों ने उन्हें तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां चिकित्सक उनका उपचार कर रहे हैं।
घटना पांडेयपुर चौराहे के पास आजमगढ़ मार्ग स्थित व्यवसायी के घर के समीप हुई। बताया जा रहा है कि करीब 52 वर्षीय विजेंद्र सोनी सुबह की सैर के लिए घर से निकले थे। घर से लगभग 30 मीटर आगे पहुंचने के बाद उन्होंने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से सिर में गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें उपचार के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले गए।
चिकित्सकों के मुताबिक गोली सिर के अंदर फंसी हुई है। एक्स-रे के बाद गोली निकालने के लिए ऑपरेशन की तैयारी की जा रही है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
परिजनों के मुताबिक विजेंद्र सोनी तीन भाइयों में बीच के हैं। पांडेयपुर क्षेत्र में तीनों भाई कारोबार के लिए जाने जाते हैं। एक ही परिसर में श्रीराम ज्वैलर्स और श्रीराम साड़ी घर के नाम से प्रतिष्ठान संचालित होते हैं। विजेंद्र सोनी साड़ी के कारोबार की जिम्मेदारी संभालते थे।
परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटी और एक बेटा हैं। परिजनों का कहना है कि परिवार में किसी तरह की असामान्य स्थिति नजर नहीं आ रही थी। ऐसे में उन्होंने यह कदम क्यों उठाया, इसे लेकर परिवार के लोग भी हैरान हैं।
पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है। फिलहाल आत्मघाती कदम उठाने के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।