संत कबीर राज्य हथकरघा पुरस्कार योजना 2026-27 लागू, बुनकरों को मिलेगा ₹1 लाख तक का पुरस्कार
वाराणसी। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 में हथकरघा उद्योग को बढ़ावा देने एवं बुनकरों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से “संत कबीर राज्य हथकरघा पुरस्कार योजना” का संचालन किया जा रहा है। योजना के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले बुनकरों, बुनकर सहकारी समितियों एवं स्वयं सहायता समूहों को परिक्षेत्रीय एवं राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।
सहायक आयुक्त हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग, परिक्षेत्र वाराणसी अरुण कुमार ने बताया कि योजना के अंतर्गत परिक्षेत्रीय स्तर पर प्रथम पुरस्कार के रूप में ₹20,000 नकद, शील्ड, प्रमाण-पत्र एवं अंगवस्त्रम प्रदान किया जाएगा। द्वितीय पुरस्कार में ₹15,000 तथा तृतीय पुरस्कार में ₹10,000 नकद राशि के साथ सम्मान सामग्री दी जाएगी।
राज्य स्तर पर चार श्रेणियों में पुरस्कार
राज्य स्तरीय हथकरघा पुरस्कार के लिए चार श्रेणियां निर्धारित की गई हैं—
-
श्रेणी-1: साड़ी, ब्राकेड, ड्रेस मैटेरियल
-
श्रेणी-2: सूती दरी, ऊलेन दरी, आसनी एवं दरेट
-
श्रेणी-3: बेडशीट, बेड कवर एवं होम फर्नीशिंग
-
श्रेणी-4: स्टोल, स्कार्फ, गमछा एवं अन्य उत्पाद
परिक्षेत्र स्तर पर चयनित विजेताओं में से राज्य स्तरीय पुरस्कार के लिए चयन किया जाएगा। राज्य स्तर पर प्रथम पुरस्कार ₹1,00,000, द्वितीय पुरस्कार ₹50,000 तथा तृतीय पुरस्कार ₹25,000 नकद के साथ शील्ड, प्रमाण-पत्र एवं अंगवस्त्रम प्रदान किया जाएगा।
पूर्ण आकार के नमूने करना होगा प्रस्तुत
योजना के अंतर्गत भाग लेने वाले बुनकरों को उत्कृष्ट एवं कलात्मक नमूने जैसे साड़ी, बेडशीट, दरी, शॉल, तौलिया, सूटिंग-शर्टिंग आदि पूर्ण आकार में प्रस्तुत करने होंगे, ताकि गुणवत्ता का समुचित निरीक्षण किया जा सके। नमूनों के साथ वार्प, वेफ्ट, रंग, डिजाइन एवं तकनीकी विवरण देना अनिवार्य होगा।
अधिकारियों के अनुसार जिन बुनकरों को पिछले तीन वर्षों में पुरस्कार मिल चुका है, वे इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगे।
18 जून तक ऑनलाइन आवेदन
जनपद वाराणसी, मिर्जापुर, चंदौली, सोनभद्र, जौनपुर एवं संत रविदास नगर (भदोही) के इच्छुक बुनकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पत्र एवं नमूने 18 जून 2026 तक वेबसाइट पर अपलोड करने के साथ सहायक आयुक्त हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग कार्यालय, रथयात्रा, वाराणसी में जमा करना होगा।
ऑनलाइन आवेदन के लिए वेबसाइट:
handloom.upsdc.gov.in
सहायक आयुक्त अरुण कुमार ने क्षेत्र के बुनकरों से योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।