3S व्यापार की दिवाली स्पेशल मीटिंग में नई टीम का ऐलान, बिजनेस ग्रोथ के लिए सदस्यों को दिया गया प्रशिक्षण
काशी चैप्टर को मिले नए पदाधिकारी, अनंत चैप्टर के फ्रेंचाइजी पार्टनर बने अर्चित अग्रवाल; बिजनेस नेटवर्किंग और बनारसी साड़ी उद्योग पर भी हुई चर्चा
वाराणसी। व्यापारिक संपर्कों को मजबूत बनाने और कारोबार के नए अवसरों पर चर्चा के उद्देश्य से 3S Vyapar की दिवाली स्पेशल जॉइंट बिजनेस नेटवर्किंग मीटिंग रविवार, 8 नवंबर 2026 को आयोजित की गई। काशी और अनंत चैप्टर की संयुक्त भागीदारी वाले इस कार्यक्रम में व्यापारियों ने नेटवर्किंग, बिजनेस रेफरल, डिजिटल ग्रोथ और व्यवसाय के विस्तार से जुड़े विषयों पर चर्चा की। बैठक में काशी चैप्टर की नई टीम की घोषणा के साथ संगठन के विस्तार से जुड़ी अहम जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।
दिवाली की थीम पर आयोजित कार्यक्रम में दोनों चैप्टर के सदस्य पारंपरिक परिधानों में शामिल हुए। बैठक में संस्था के संस्थापक विपिन मिश्र और कामाक्षी पांडेय मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन विपिन मिश्र ने किया। शुरुआत में उन्होंने 3S Vyapar के उद्देश्यों और कार्यप्रणाली की जानकारी देते हुए बताया कि संस्था व्यापारियों को आपसी संपर्क, बिजनेस रेफरल और डिजिटल माध्यमों के जरिए आगे बढ़ने का मंच उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वक्ता के रूप में Vedic Foundation Kashi के संस्थापक और सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. सुधीर कुमार मिश्रा शामिल हुए। आयोजकों की ओर से उनका स्वागत और सम्मान किया गया।
इसके बाद The Panaya के सीईओ विरेंद्र अग्रवाल ने अपने व्यवसाय और ब्रांड Panaya की प्रस्तुति दी। उन्होंने बनारसी साड़ी निर्माण, पारंपरिक विरासत, गुणवत्ता और Heritage Collections के बारे में जानकारी साझा की। साथ ही बनारसी साड़ी कारोबार से जुड़े अवसरों और ग्राहकों तक प्रामाणिक उत्पाद पहुंचाने के पहलुओं पर भी प्रकाश डाला।
बैठक का प्रमुख आकर्षण बिजनेस कोच आदित्य पांडेय की ओर से आयोजित Business Checkup Workshop रही। इसमें सदस्यों को अपने कारोबार की मौजूदा स्थिति का आकलन करने और सुधार की संभावनाएं पहचानने की प्रक्रिया समझाई गई।
विशेष सॉफ्टवेयर के माध्यम से व्यावहारिक सत्र भी कराया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने अपने व्यवसाय की कार्यप्रणाली का मूल्यांकन किया। प्रशिक्षण के दौरान कारोबार की कमजोरियों, प्रबंधन और विकास की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
काशी चैप्टर को मिली नई नेतृत्व टीम
संगठन की गतिविधियों को गति देने के लिए काशी चैप्टर की नई हेड टेबल घोषित की गई। इसके तहत विरेंद्र अग्रवाल को प्रेसिडेंट, हिमांशु पाठक को वाइस प्रेसिडेंट, देश दीपक सिंह को सेक्रेटरी और विकास त्रिपाठी को ट्रेजरर की जिम्मेदारी दी गई।
वहीं अर्चित अग्रवाल को 3S Vyapar के अनंत चैप्टर का फ्रेंचाइजी पार्टनर नियुक्त किया गया।
हिमांशु पाठक को बनारस का रीजनल डायरेक्टर बनाए जाने की भी घोषणा हुई।
कार्यक्रम में संस्था के मीडिया पार्टनर और Live Bharat News के संस्थापक शिवम पांडेय को मीडिया सहयोग के लिए सम्मानित किया गया।
नए सदस्यों के रूप में बिजनेस कोच आदित्य पांडेय और इवेंट प्लानर संजय गुप्ता का स्वागत किया गया।
सदस्यों की सक्रियता और योगदान को प्रोत्साहित करने के लिए तीन लोगों को विशेष सम्मान दिया गया।
100 प्रतिशत बैठक उपस्थिति के लिए जिब्रान अहमद, सर्वाधिक बिजनेस रेफरल के लिए विकास त्रिपाठी और सबसे अधिक B2B मीटिंग करने के लिए देश दीपक सिंह को सम्मानित किया गया।
दिवाली के अवसर पर सदस्यों को रिटर्न गिफ्ट दिए गए। कार्यक्रम में नाश्ते की व्यवस्था के साथ आपसी संवाद और नेटवर्किंग का दौर भी चला। अंत में सामूहिक तस्वीर ली गई और राष्ट्रगान के साथ बैठक का समापन हुआ। आयोजकों ने अगली बिजनेस नेटवर्किंग मीटिंग 22 नवंबर 2026 को आयोजित करने की जानकारी दी।
आयोजकों के अनुसार, 3S Vyapar का उद्देश्य व्यापारियों को एक मंच पर जोड़कर ज्ञान साझा करने, बिजनेस रेफरल, डिजिटल ग्रोथ और आपसी सहयोग के जरिए मजबूत व्यापारिक नेटवर्क तैयार करना है। काशी और अनंत चैप्टर की संयुक्त बैठक को इसी दिशा में संगठन के विस्तार से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन बताया गया।