रुद्राक्ष में सजा सम्मान का मंच, राज्यपाल ने 53 मेधावियों को पहनाए 82 पदक

दीक्षांत समारोह में मेधा का सम्मान, राज्यपाल ने बांटे 82 पदक
 
 राज्यपाल के हाथों मेधावियों का सम्मान, काशी विद्यापीठ में 48वां दीक्षांत समारोह सम्पन्न

वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के 48वें दीक्षांत समारोह का आयोजन मंगलवार को सिगरा स्थित रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में गरिमामय वातावरण में हुआ। समारोह में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने विभिन्न संकायों के 53 मेधावी विद्यार्थियों को कुल 82 स्वर्ण, रजत एवं अन्य पदक प्रदान कर सम्मानित किया। राज्यपाल के हाथों सम्मान प्राप्त कर विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय एवं संबद्ध महाविद्यालयों के कुल 63,184 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं। समारोह का विशेष आकर्षण यह रहा कि सभी विद्यार्थियों की डिग्रियां डिजिटल माध्यम से बेहद कम समय में अपलोड की गईं, जिससे विद्यार्थियों को त्वरित रूप से अपनी उपाधियां उपलब्ध हो सकीं।

समारोह के दौरान विश्वविद्यालय परिसर और रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। मेधावी विद्यार्थियों और उनके परिजनों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। पदक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों ने एक-दूसरे के साथ स्मृति चित्र खिंचवाए और इस उपलब्धि को यादगार बनाया।

विश्वविद्यालय के कुलपति ने बताया कि इस अवसर पर देवी हैंडलूम, तेलंगाना के संस्थापक वाई. श्रीधर राव को समाज सेवा एवं उत्कृष्ट योगदान के लिए मानद डी.लिट. (डॉक्टर ऑफ लिटरेचर) की उपाधि से सम्मानित किया गया।

उन्होंने बताया कि समारोह का सीधा प्रसारण विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से भी किया गया, जिससे देश-विदेश में मौजूद विद्यार्थी, अभिभावक और अन्य लोग कार्यक्रम से ऑनलाइन जुड़ सके।