वाराणसी में रेलवे टिकट दलाली पर RPF की बड़ी कार्रवाई, एक आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी। रेलवे टिकटों की कालाबाजारी और दलाली पर शिकंजा कसते हुए RPF वाराणसी सिटी ने बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देशन में चलाए जा रहे "ऑपरेशन उपलब्ध" के तहत सारनाथ रेलवे स्टेशन के आरक्षण हाल से एक युवक को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवधार (25 वर्ष) निवासी चौबेपुर खुर्द, चोलापुर, वाराणसी के रूप में हुई है। RPF टीम को सूचना मिली थी कि आरोपी जरूरतमंद यात्रियों से तत्काल टिकट दिलाने के नाम पर निर्धारित किराए से 400 से 500 रुपये अतिरिक्त वसूलकर टिकट उपलब्ध कराता था। इसी सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे रंगे हाथों दबोच लिया गया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से महानगरी एक्सप्रेस (22178) का एक तत्काल आरक्षित टिकट, दो भरे हुए आरक्षण मांग पत्र, 2550 रुपये नकद तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी रेलवे आरक्षण काउंटर की लाइन में लगकर टिकट बुक कराता था और बाद में अधिक कीमत पर बेच देता था।
RPF ने आरोपी के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी किसी बड़े टिकट दलाल गिरोह से जुड़ा है या नहीं।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे टिकट केवल अधिकृत माध्यमों से ही खरीदें और किसी भी प्रकार की दलाली की सूचना तुरंत रेलवे सुरक्षा बल को दें।