लोलार्क छठ पर काशी में रूट डायवर्जन, अस्सी-सोनारपुरा क्षेत्र में वाहनों की नो एंट्री
वाराणसी। सूर्य षष्ठी के अवसर पर लोलार्क कुंड में स्नान के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन प्लान जारी किया है। श्रद्धालुओं की भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए लोलार्क कुंड की ओर जाने वाले छह प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। अस्सी और सोनारपुरा क्षेत्र के कई मार्ग नो-व्हीकल जोन में रहेंगे।
एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्रा के अनुसार यातायात व्यवस्था 16 सितंबर की दोपहर 12 बजे से 17 सितंबर की रात 12 बजे तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान बैंक ऑफ बड़ौदा तिराहा से अस्सी चौराहा, नगवां चौराहा से रविदास घाट, पद्मश्री चौराहा से अस्सी चौराहा, शिवाला तिराहा से अस्सी चौराहा, ब्रॉडवे तिराहा से सोनारपुरा और सोनारपुरा से अस्सी चौराहा तक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
हालांकि एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड, शव वाहन तथा बीमार और दिव्यांग लोगों को ले जाने वाले वाहनों को प्रतिबंध से छूट दी गई है।
इन मार्गों पर रहेगा डायवर्जन
बैंक ऑफ बड़ौदा तिराहे से अस्सी की ओर जाने वाले वाहनों को पद्मश्री चौराहा और रविदास गेट की ओर भेजा जाएगा। नगवां चौराहे से रविदास पार्क और अस्सी घाट की ओर वाहनों का प्रवेश नहीं होगा। यहां से यातायात को ट्रॉमा सेंटर और रविदास गेट की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
पद्मश्री चौराहे से अस्सी की ओर जाने वाला यातायात ब्रॉडवे होटल और दुर्गाकुंड की ओर भेजा जाएगा। शिवाला मोड़ से अस्सी की ओर जाने वाले वाहनों को ब्रॉडवे तिराहा और पद्मश्री चौराहा की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
ब्रॉडवे होटल तिराहे से सोनारपुरा की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। यहां से वाहनों को रवींद्रपुरी कॉलोनी रोड और विजया तिराहा की ओर भेजा जाएगा। वहीं सोनारपुरा तिराहा से अस्सी चौराहा की ओर वाहनों को नहीं जाने दिया जाएगा। इन्हें गोदौलिया अथवा भेलूपुर चौराहा की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
इन छह मार्गों पर नो-व्हीकल जोन
- बैंक ऑफ बड़ौदा तिराहा से अस्सी चौराहा
- नगवां चौराहा से रविदास घाट
- पद्मश्री चौराहा से अस्सी चौराहा
- शिवाला तिराहा से अस्सी चौराहा
- ब्रॉडवे तिराहा से सोनारपुरा
- सोनारपुरा से अस्सी चौराहा
श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था
मैदागिन की ओर से आने वाले वाहनों के लिए टाउन हॉल मैदागिन, हरिश्चंद्र डिग्री कॉलेज के सामने खाली मैदान और नेशनल इंटर कॉलेज, पीलीकोठी में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
बेनिया की ओर से आने वाले वाहनों को राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज मैदान, बेनिया पार्किंग और गोदौलिया पार्किंग में खड़ा किया जा सकेगा। सनातन धर्म इंटर कॉलेज में दोपहिया वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
लक्सा की ओर से आने वाले वाहनों के लिए मजदा पार्किंग और गोदौलिया पार्किंग निर्धारित की गई है।
भेलूपुर और बीएचयू की ओर से आने वाले वाहनों के लिए भेलूपुर थाने के पास सिनेमा हॉल के मैदान में दोपहिया वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा बाबा कीनाराम आश्रम से आचार्य रामचंद्र शुक्ल चौराहा होते हुए रवींद्रपुरी तक सड़क के दोनों ओर पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़ा करने और रूट डायवर्जन व्यवस्था का पालन करने की अपील की है, ताकि स्नान पर्व के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।