कांवड़ियों की आस्था का सम्मान, सावन भर कांवड़ मार्गों पर अवैध मांस-मछली की दुकानें रहेंगी बंद
वाराणसी। श्रावण मास में कांवड़ यात्रा को सकुशल, व्यवस्थित और श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था के अनुरूप संपन्न कराने के लिए वाराणसी नगर निगम ने विशेष अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके तहत कांवड़ यात्रा के प्रमुख मार्गों पर अवैध रूप से संचालित मांस, मछली एवं मुर्गा विक्रेताओं की दुकानों को बंद कराया जाएगा। नगर निगम ने सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अभियान चलाने के निर्देश जारी कर दिए हैं।
नगर निगम का कहना है कि सावन के दौरान काशी में प्रतिदिन हजारों की संख्या में शिवभक्त और कांवड़िए पहुंचते हैं। ऐसे में यात्रा मार्गों पर स्वच्छता, धार्मिक गरिमा और बेहतर व्यवस्थाएं बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से कांवड़ मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा।
जोनवार चलेगा प्रवर्तन अभियान
पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी विजय अमृतराज ने बताया कि नगर निगम की टीमों को जोनवार जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रत्येक टीम अपने क्षेत्र के कांवड़ मार्गों का निरीक्षण करेगी और मुख्य मार्गों पर अवैध रूप से संचालित मांस, मछली एवं मुर्गा विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई करेगी। अभियान के दौरान संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं।
आदेश की अनदेखी पड़ी तो होगी कानूनी कार्रवाई
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि कांवड़ मार्गों पर जारी निर्देशों का पालन अनिवार्य होगा। यदि कोई भी व्यक्ति आदेशों की अवहेलना करते हुए दुकान संचालित करता या अवैध रूप से बिक्री करता पाया गया, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम प्रशासन के अनुसार यह अभियान पूरे श्रावण मास तक जारी रहेगा। इसका उद्देश्य कांवड़ यात्रा मार्गों पर स्वच्छ, सुरक्षित और श्रद्धालुओं की आस्था के अनुरूप वातावरण सुनिश्चित करना है, ताकि शिवभक्तों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।