बीएचयू में 630 पदों पर निकली भर्ती, नर्सिंग ऑफिसर के 353 पद शामिल; 15 दिसंबर तक कर सकेंगे आवेदन

आईएमएस, सर सुंदरलाल अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर समेत 41 स्थानों पर होगी तैनाती, 18 हजार से 2.09 लाख रुपये तक मिलेगा मासिक वेतन
 

वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर सामने आया है। विश्वविद्यालय ने चिकित्सा क्षेत्र में गैर-शिक्षण (नॉन टीचिंग) संवर्ग के अंतर्गत ग्रुप ए, बी और सी के कुल 630 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की है। इसमें नर्सिंग ऑफिसर से लेकर मेडिकल ऑफिसर, मेडिकल रिकॉर्ड स्टाफ और लैब अटेंडेंट सहित कई महत्वपूर्ण पद शामिल हैं। इच्छुक अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

भर्ती एवं मूल्यांकन प्रकोष्ठ की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, इन पदों पर चयनित अभ्यर्थियों की तैनाती आईएमएस बीएचयू, सर सुंदरलाल अस्पताल, ट्रॉमा सेंटर समेत विश्वविद्यालय के 41 विभिन्न स्थानों पर की जाएगी। आवेदन की अंतिम तिथि 15 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है। अभ्यर्थी इस दिन शाम पांच बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। पदों के अनुसार मासिक वेतनमान 18 हजार रुपये से लेकर 2.09 लाख रुपये तक निर्धारित है।

ग्रुप ए में 39 पदों पर भर्ती

ग्रुप ए के अंतर्गत कुल 39 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें डिप्टी मेडिकल सुपरिंटेंडेंट के तीन, चीफ नर्सिंग ऑफिसर का एक, नर्सिंग सुपरिंटेंडेंट के दो, मेडिकल ऑफिसर के 27, मेडिकल ऑफिसर स्पेशलिस्ट के दो, रेडियोलॉजिकल फिजिसिस्ट का एक और सीनियर ऑप्टोमेट्रिस्ट के तीन पद शामिल हैं।

ग्रुप बी में सबसे अधिक 407 पद

ग्रुप बी के अंतर्गत कुल 407 पदों पर भर्ती होगी। इनमें नर्सिंग ऑफिसर के सर्वाधिक 404 पद निर्धारित हैं। इनमें महिला अभ्यर्थियों के लिए 317 और पुरुष अभ्यर्थियों के लिए 87 पद शामिल हैं। इसके अलावा मेडिकल रिकॉर्ड ऑफिसर, फिजियोथेरेपिस्ट, ऑक्यूपेशनल थेरेपिस्ट, जूनियर मेडिकल सोशल वर्कर, डेंटल हाइजीनिस्ट, डेंटल मैकेनिक, पंचकर्म थेरेपिस्ट, मेडिकल सोशल वर्कर, बायोफीडबैक थेरेपिस्ट और डाइटिशियन सहित अन्य पदों पर भी नियुक्तियां की जाएंगी।

ग्रुप सी में 155 पदों पर अवसर

ग्रुप सी के अंतर्गत 155 पदों पर भर्ती प्रस्तावित है। इनमें लैब अटेंडेंट के 105 और ओटी-कम-एनेस्थीसिया लैब अटेंडेंट के 41 पद शामिल हैं। इसके अलावा टेक्निकल असिस्टेंट, लैब असिस्टेंट, जूनियर असिस्टेंट, रेडियोलॉजी असिस्टेंट और वर्कशॉप अटेंडेंट के पद भी भरे जाएंगे।

विश्वविद्यालय की इस भर्ती से चिकित्सा और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पहले बीएचयू की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी भर्ती अधिसूचना का अध्ययन कर लें। पदों की शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, अनुभव, चयन प्रक्रिया और आवेदन शुल्क संबंधी विस्तृत जानकारी आधिकारिक नोटिफिकेशन में उपलब्ध है।