बरसात से पहले राजघाट पुल की होगी मरम्मत, रात में बंद रहेगा वाहनों का आवागमन

 
राजघाट पुल की रात में होगी मरम्मत, 14 जून से एक सप्ताह तक रहेगा रूट डायवर्जन

वाराणसी। बनारस और चंदौली को जोड़ने वाले ऐतिहासिक राजघाट पुल की मरम्मत के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को ट्रैफिक पुलिस ने सशर्त अनुमति प्रदान कर दी है। पुल पर बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए दिन में मरम्मत कार्य की अनुमति नहीं दी गई है। ऐसे में 14 जून से रात 10 बजे से सुबह 7 बजे तक मरम्मत कार्य कराया जाएगा। इस दौरान पुल पर केवल पैदल यात्रियों को आवागमन की अनुमति होगी, जबकि वाहनों के लिए रूट डायवर्जन लागू रहेगा।

ट्रैफिक पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर एक सप्ताह के लिए मरम्मत कार्य की अनुमति दी है। हालांकि कार्य की प्रगति और आवश्यकता के अनुसार इसकी अवधि बढ़ाई भी जा सकती है।

करीब 100 वर्ष पुराने राजघाट पुल की संरचना कई स्थानों पर कमजोर हो चुकी है। पिछले वर्ष रेलवे और लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम द्वारा किए गए निरीक्षण में पुल के विभिन्न हिस्सों में खामियां सामने आई थीं। जांच के दौरान सड़क की सतह पर गड्ढे, क्षतिग्रस्त हिस्से तथा एक्सपेंशन ज्वाइंट सहित अन्य संरचनात्मक भागों में मरम्मत की आवश्यकता पाई गई थी।

अधिकारियों के अनुसार समय रहते मरम्मत नहीं किए जाने पर आगामी बरसात के मौसम में स्थिति और गंभीर हो सकती है। राजघाट पुल से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं, ऐसे में दिन के समय मरम्मत कार्य होने पर यातायात बाधित होने और जाम की समस्या उत्पन्न होने की आशंका थी। इसी कारण रात के समय कार्य कराने का निर्णय लिया गया है।

गौरतलब है कि इसी वर्ष जनवरी में भी पुल की मरम्मत के लिए यातायात प्रतिबंध लगाया गया था। उस दौरान आवागमन प्रभावित होने और भारी जाम की स्थिति बनने पर कार्य को बीच में रोककर यातायात बहाल करना पड़ा था।

लोक निर्माण विभाग और ट्रैफिक पुलिस के समन्वय से इस बार मरम्मत कार्य को सुचारू रूप से पूरा करने की योजना बनाई गई है। अधिकारियों का कहना है कि पुल की मजबूती और यातायात सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह कार्य अत्यंत आवश्यक है। प्रशासन ने आमजन से सहयोग की अपील की है ताकि मरम्मत कार्य निर्धारित समय में सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।