गर्मी की छुट्टियों में रेलवे का तोहफा, वाराणसी होकर चलेगी स्पेशल ट्रेन

 
वाराणसी। गर्मी की छुट्टियों और बढ़ती यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। गोमतीनगर से वाराणसी होते हुए खोरधा रोड तक समर स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला लिया गया है। यह विशेष ट्रेन 28 मई से शुरू होकर 18 जून तक प्रत्येक बृहस्पतिवार को संचालित की जाएगी। वहीं वापसी दिशा में यह ट्रेन 30 मई से 20 जून तक प्रत्येक शनिवार को चलेगी।

पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि ट्रेन संख्या 05064 गोमतीनगर से शाम 6:55 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन गोंडा, बस्ती समेत विभिन्न स्टेशनों से होते हुए दूसरे दिन रात 12:15 बजे पहुंचेगी। इसके बाद देवरिया, मऊ और औड़िहार के रास्ते सुबह 7:20 बजे वाराणसी स्टेशन पहुंचेगी। यहां से ट्रेन पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, सासाराम, डेहरी ऑन सोन, गया, कोडरमा, बांकुडा और हिजली होते हुए तीसरे दिन रात 2:25 बजे खोरधा रोड पहुंचेगी।

वापसी यात्रा में ट्रेन संख्या 05063 खोरधा रोड से दोपहर 12:45 बजे प्रस्थान करेगी और विभिन्न स्टेशनों से होते हुए दूसरे दिन रात 8 बजे गोमतीनगर स्टेशन पहुंचेगी।

रेलवे प्रशासन के अनुसार यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस स्पेशल ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए जाएंगे। इनमें स्लीपर श्रेणी के 6, सामान्य द्वितीय श्रेणी के 4, एसी तृतीय श्रेणी के 5 तथा प्रथम श्रेणी का 1 कोच शामिल रहेगा।

गर्मी के मौसम में यात्रियों की बढ़ती भीड़ के बीच इस समर स्पेशल ट्रेन के संचालन से वाराणसी और आसपास के यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।