वाराणसी में रेलवे बोर्ड की उच्चस्तरीय बैठक संपन्न, विद्युत उपकरणों के मानकीकरण और सुरक्षित ट्रेन संचालन पर मंथन

 वाराणसी में रेलवे बोर्ड की दो दिवसीय उच्चस्तरीय बैठक में विद्युत उपकरणों के मानकीकरण, ट्रेन सुरक्षा, स्मार्ट मॉनिटरिंग और आधुनिक अनुरक्षण तकनीकों पर विस्तृत चर्चा की गई।
 
 

वाराणसी। भारतीय रेलवे में विद्युत उपकरणों एवं विद्युत सर्किटों के मानकीकरण को लेकर रेलवे बोर्ड की उच्चस्तरीय दो दिवसीय बैठक वाराणसी मंडल के भारतेंदु सभागार में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता रेलवे बोर्ड के सदस्य (ट्रैक्शन एवं रोलिंग स्टॉक) आर. राजगोपाल ने की। बैठक में रेलवे बोर्ड, आरडीएसओ, विभिन्न उत्पादन इकाइयों तथा जोनल रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया और ट्रेन संचालन को अधिक सुरक्षित, विश्वसनीय तथा तकनीकी रूप से उन्नत बनाने के लिए महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की।

बैठक को संबोधित करते हुए आर. राजगोपाल ने कहा कि भारतीय रेलवे में विद्युत उपकरणों और सर्किटों का मानकीकरण समय की आवश्यकता है, जिससे ट्रेन संचालन को अधिक सुरक्षित, समयबद्ध और दोषमुक्त बनाया जा सके। उन्होंने विद्युत ऊर्जा प्रबंधन, हरित एवं नवीकरणीय ऊर्जा, यात्रियों की सुरक्षा, स्मार्ट मॉनिटरिंग सिस्टम और आधुनिक अनुरक्षण तकनीकों पर विशेष जोर दिया। बैठक में थ्री-फेज लोकोमोटिव के संशोधित सर्किट डायग्राम, कवच प्रणाली, वीसीडी और अन्य सुरक्षा उपकरणों के सर्किट एकीकरण को मानकीकृत करने के प्रस्तावों पर चर्चा की गई।

अधिकारियों ने ट्रैक्शन मोटर, कनवर्टर और ट्रांसफार्मर जैसे महत्वपूर्ण विद्युत उपकरणों के बाहरी आयामों और तकनीकी मानकों को एकरूप बनाने पर भी विचार-विमर्श किया। इसके साथ ही डायग्नोस्टिक डेटा सिस्टम (DDS) के माध्यम से प्रेडिक्टिव मेंटेनेंस को बढ़ावा देने, शॉर्ट सर्किट और विद्युत फॉल्ट से बचाव के लिए नए उपायों तथा मौसम के अनुसार विद्युत उपकरणों के रखरखाव की रणनीति पर भी चर्चा हुई।

बैठक के दौरान अनुसंधान अभिकल्प एवं मानक संगठन (RDSO) द्वारा मानकीकृत टूल किट, सुरक्षा उपकरणों और तकनीकी मॉडलों का प्रदर्शन भी किया गया। विभिन्न जोनल रेलवे द्वारा विकसित सर्किट डायग्राम और नियंत्रण पैनलों की भी प्रदर्शनी लगाई गई। रेलवे अधिकारियों ने तकनीकी मानकों और संचालन नियमों के पालन के लिए आरडीएसओ की वेबसाइट और गाइडलाइंस का अधिकतम उपयोग करने पर बल दिया।

बैठक में अपर सदस्य (आरई) रेलवे बोर्ड आर.के. तिवारी, प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर पूर्वोत्तर रेलवे संजय सिंघल, मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन, मुख्य विद्युत इंजीनियर विनय कुमार यादव सहित रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।