बारिश के चलते रेल यातायात प्रभावित, कई ट्रेनें घंटों देरी से पहुंचीं
वाराणसी। मानसून की सक्रियता और विभिन्न रेलखंडों पर चल रहे निर्माण कार्यों के चलते रेल यातायात प्रभावित होने लगा है। बारिश और रूट डायवर्जन के कारण शनिवार को मुंबई, जम्मू, देहरादून और दिल्ली से वाराणसी आने वाली कई ट्रेनें निर्धारित समय से काफी देर से पहुंचीं। ट्रेनों के विलंबित होने से यात्रियों को घंटों स्टेशन पर इंतजार करना पड़ा। कई यात्री ट्रेनों की स्थिति ऑनलाइन चेक करते रहे।
शनिवार को जम्मू से बनारस आने वाली बेगमपुरा एक्सप्रेस (12238) अपने निर्धारित समय से एक घंटे 25 मिनट देर से पहुंची। ट्रेन के बनारस पहुंचने का निर्धारित समय दोपहर 12:30 बजे था, जबकि यह दोपहर 1:55 बजे प्लेटफॉर्म नंबर आठ पर पहुंची।
इसी तरह लोकमान्य तिलक टर्मिनस से वाराणसी आने वाली कामायनी एक्सप्रेस (11071) भी एक घंटे 15 मिनट देर से पहुंची। ट्रेन के वाराणसी पहुंचने का निर्धारित समय शाम 7:45 बजे था, जबकि यह रात नौ बजे स्टेशन पहुंची।
दादर से गोरखपुर जाने वाली 01027 स्पेशल ट्रेन सबसे अधिक प्रभावित रही। ट्रेन को शुक्रवार रात 9:45 बजे वाराणसी पहुंचना था, लेकिन यह तीन घंटे 10 मिनट की देरी से रात 12:55 बजे प्लेटफॉर्म नंबर दो पर पहुंची।
वहीं, देहरादून-बनारस एक्सप्रेस (15120) भी अपने निर्धारित समय से 55 मिनट देर से पहुंची। ट्रेन का वाराणसी पहुंचने का समय अपराह्न 3:25 बजे था, जबकि यह शाम 4:20 बजे प्लेटफॉर्म नंबर चार पर पहुंची।
रूट डायवर्जन का भी पड़ा असर
रेलखंडों पर चल रहे निर्माण और अन्य कार्यों के कारण किए गए रूट डायवर्जन का असर भी लंबी दूरी की ट्रेनों के परिचालन पर पड़ा। नई दिल्ली से आने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस (15128) भी शनिवार को एक घंटे 20 मिनट की देरी से बनारस पहुंची। ट्रेन का निर्धारित आगमन समय सुबह 4:40 बजे था, जबकि यह सुबह छह बजे स्टेशन पहुंची।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, बारिश और विभिन्न रेलखंडों पर चल रहे कार्यों के कारण कुछ ट्रेनों की गति और मार्ग प्रभावित हुआ है। यात्रियों को सलाह दी गई कि यात्रा से पहले संबंधित ट्रेन का लाइव स्टेटस और निर्धारित समय ऑनलाइन जरूर जांच लें।