गंगा के ऊपर गरजेंगे राफेल और सुखोई, नमो घाट पर दिखेगा वायुसेना का शौर्य

काशी में 22, 24 और 25 अक्टूबर को होगा मेगा एयर शो, सूर्य किरण और सारंग टीम भी दिखाएंगी हवाई करतब
 

वाराणसी। काशी में गंगा की लहरों के ऊपर जल्द ही भारतीय वायुसेना के आधुनिक लड़ाकू विमानों की गर्जना सुनाई देगी। भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में नमो घाट पर 22, 24 और 25 अक्टूबर को ‘विंग्स ओवर गंगा’ थीम पर मेगा एयर शो आयोजित किया जाएगा। इसमें राफेल, सुखोई-30 एमकेआई और तेजस जैसे लड़ाकू विमान अपनी हवाई क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। सूर्य किरण एरोबेटिक टीम और सारंग हेलिकॉप्टर डिस्प्ले टीम के रोमांचक करतब भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र होंगे।

एयर शो में लड़ाकू विमानों के अलावा परिवहन और अन्य श्रेणियों के विमान भी हिस्सा लेंगे। इनमें लाइट कॉम्बैट हेलिकॉप्टर (एलसीएच) प्रचंड, आईएल-76, आईएल-78, सी-295 और एएन-32 शामिल हैं। भारतीय नौसेना और थल सेना के विमान भी प्रदर्शन में भाग लेंगे। इससे दर्शकों को तीनों सेनाओं की संयुक्त क्षमता, तकनीकी दक्षता और आपसी समन्वय की झलक देखने को मिलेगी।

गंगा की पृष्ठभूमि में दिखेगा आधुनिक सैन्य कौशल

काशी की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत के बीच आयोजित होने वाला यह एयर शो भारतीय वायुसेना की आधुनिक तकनीक और हवाई कौशल को प्रदर्शित करेगा। आसमान में विमानों की तेज गति, सटीक उड़ान, संतुलन और सामूहिक फॉर्मेशन दर्शकों के लिए खास आकर्षण होंगे। सूर्य किरण टीम का सामूहिक एरोबेटिक प्रदर्शन और सारंग टीम के हेलिकॉप्टरों के करतब कार्यक्रम को रोमांचक बनाएंगे।

वायुसेना के विंग कमांडर देबर्थो धर के अनुसार, इस आयोजन का उद्देश्य सैन्य क्षमता का प्रदर्शन करने के साथ आम लोगों को वायुसेना से जोड़ना और युवाओं को विमानन एवं एयरोस्पेस तकनीक के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रेरित करना भी है।

 एयर शो को लेकर कबूतर उड़ाने पर रोक

एयर शो के दौरान विमानों की सुरक्षित और निर्बाध उड़ान सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम ने कबूतर उड़ाने पर रोक लगाई है। नगर निगम के पशु चिकित्सा विभाग की ओर से कबूतर पालने वालों को जागरूक किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, नमो घाट के आसपास 20 से 30 किलोमीटर के दायरे में निगरानी और जांच की जा रही है। कबूतर उड़ाने पर 26 अक्टूबर तक रोक रहेगी। निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

मांस-मछली की दुकानों पर भी निगरानी

नगर निगम की ओर से मांस, मछली और मुर्गे की दुकानों को भी 26 अक्टूबर तक बंद रखने का आदेश दिया गया है। इसके अनुपालन के लिए संबंधित विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य विमानों की उड़ान के दौरान पक्षियों से टकराने जैसी संभावित घटनाओं को रोकना और एयर शो को सुरक्षित तरीके से संपन्न कराना है।