15 साल में उत्तरी विधानसभा के विकास पर उठे सवाल, शशिप्रताप सिंह ने मांगा पूरा हिसाब

 

 

वाराणसी। वाराणसी उत्तरी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर नेशनल इक्वल पार्टी (समाजवादी पार्टी की सहयोगी) के नेता शशिप्रताप सिंह ने विधायक एवं पूर्व मंत्री रविंद्र जायसवाल पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि उत्तरी विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व लंबे समय से कर रहे रविंद्र जायसवाल को अपने 15 वर्षों के कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों और खर्च हुई धनराशि का पूरा विवरण जनता के सामने रखना चाहिए।

शशिप्रताप सिंह ने प्रेस मीडिया के माध्यम से सवाल उठाते हुए कहा कि जनता को यह जानने का अधिकार है कि क्षेत्र के विकास के लिए कितनी धनराशि स्वीकृत हुई, कितने कार्य कराए गए और कितने कार्य अब भी अधूरे हैं। उन्होंने कहा कि विकास के दावों के साथ धरातल पर हुए कार्यों की स्थिति भी स्पष्ट होनी चाहिए।

उन्होंने उत्तरी विधानसभा क्षेत्र की कॉलोनियों की गलियों, नाली-पुलिया, खड़ंजा, पटिया और सड़क निर्माण को लेकर जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की। इसके साथ ही डामर व पिच सड़कों के निर्माण पर खर्च हुई धनराशि तथा सीवर लाइन से जुड़ी समस्याओं के समाधान को लेकर भी सवाल उठाए।

शशिप्रताप सिंह ने कहा कि क्षेत्र के कई हिस्सों में लोगों को आज भी मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में जनता यह जानना चाहती है कि 15 वर्षों के दौरान विकास के लिए कितना बजट आया और उसका कितना उपयोग हुआ।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता को अपने जनप्रतिनिधि से विकास कार्यों का हिसाब मांगने का पूरा अधिकार है। अब जनता केवल विकास के दावों के बजाय गलियों, नालियों, सड़कों, पुलियों और सीवर जैसी मूलभूत सुविधाओं के धरातलीय विकास की वास्तविक स्थिति जानना चाहती है। उन्होंने रविंद्र जायसवाल से इन सवालों का स्पष्ट जवाब जनता के सामने रखने की मांग की।