धुंध की आगोश में लिपटा पूर्वांचल, सुबह की ठंड ने बढ़ाई लोगों की परेशानी
वाराणसी। दीपावली के बाद पूर्वांचल में मौसम का मिजाज तेजी से बदलने लगा है। वाराणसी समेत आसपास के जिलों में सुबह के समय कोहरे और धुंध का प्रभाव बढ़ने लगा है। बुधवार सुबह शहर के कई इलाकों के साथ लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के आसपास भी कोहरे का असर देखने को मिला। दृश्यता कम होने से सुबह के समय आवागमन प्रभावित होने की स्थिति बनी रही। दिन चढ़ने के बाद भी वातावरण में धुंध बनी रही और आसमान में बादलों की आवाजाही के चलते धूप का असर भी कमजोर रहा।
मौसम में आए इस बदलाव का असर तापमान पर भी दिखाई देने लगा है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बुधवार को वाराणसी का अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.6 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है। वातावरण में नमी का स्तर 64 से 83 प्रतिशत के बीच बना हुआ है। बीते 48 घंटों के दौरान तापमान में उतार-चढ़ाव के साथ मौसम का रुख बदलता नजर आया है।
सुबह-शाम बढ़ेगी ठंड, कोहरे का बना रहेगा असर
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक सुबह के समय कोहरा और धुंध छाए रहने की संभावना है। पूर्वांचल के ग्रामीण और खुले इलाकों में कोहरे का प्रभाव अपेक्षाकृत अधिक देखने को मिल सकता है। दोपहर में धूप निकलने के बाद कोहरे से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन सुबह और शाम के समय ठंड का एहसास बढ़ सकता है।
वाहन चालकों को सतर्क रहने की जरूरत
कोहरे के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए सुबह के समय सड़क पर निकलने वाले वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। कम दृश्यता के दौरान तेज रफ्तार से वाहन चलाना जोखिम भरा हो सकता है। ऐसे में वाहन की गति नियंत्रित रखने, उचित दूरी बनाए रखने और फॉग लाइट का इस्तेमाल करने की सलाह दी जाती है। मौसम के बदलते रुख के बीच लोगों को सुबह और देर शाम हल्के गर्म कपड़ों का इस्तेमाल भी शुरू कर देना चाहिए।