₹98 करोड़ की परियोजनाओं से बदलेगा वाराणसी पुलिस लाइन का स्वरूप, पुलिस आयुक्त ने किया व्यापक निरीक्षण
वाराणसी। रिजर्व पुलिस लाइन के आधुनिकीकरण और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगभग ₹98 करोड़ की विभिन्न परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। इन परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लेने के लिए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन का व्यापक निरीक्षण किया और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता तथा व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने निर्माणाधीन कमिश्नरेट भवन, राजपत्रित अधिकारियों के लिए 32 आवासीय भवन, वीआईपी ड्यूटी पर आने वाले अधिकारियों के लिए ट्रांजिट हॉस्टल तथा उप निरीक्षक रैंक के कर्मचारियों के लिए बनाए जा रहे आवासों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही पुलिस लाइन में पूर्व में निर्मित मीटिंग हॉल, बैरक, 500 कर्मियों की क्षमता वाले सभागार तथा बैडमिंटन कोर्ट के जीर्णोद्धार कार्यों की भी समीक्षा की गई। पुलिस आयुक्त ने परिसर में स्वच्छता, अनुशासन और संसाधनों के प्रभावी रखरखाव पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान रेडियो शाखा परिसर में गंदगी मिलने पर उन्होंने संबंधित प्रभारी को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस लाइन के प्रमुख मार्गों पर बेहतर स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, परिसर स्थित सरोवर के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण, क्रिकेट ग्राउंड में फ्लड लाइट लगाने तथा पुलिस मेस में ऑटोमैटिक रोटी मेकिंग प्लांट स्थापित करने के निर्देश भी दिए।
पुलिस आयुक्त ने चिल्ड्रेन पार्क, परेड ग्राउंड, आदर्श बैरक, आरओ प्लांट तथा अन्य निर्माणाधीन परियोजनाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने और सभी परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर विशेष बल दिया।
इस दौरान पुलिस उपायुक्त लाइन प्रमोद कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त लाइन वैभव बांगर, सहायक पुलिस आयुक्त लाइन गौरव कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।