25 अक्टूबर को काशी आएंगे प्रधानमंत्री मोदी, महिलाओं से करेंगे संवाद, नमो घाट पर देखेंगे एयर शो
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 अक्टूबर को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे पर आएंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री करीब साढ़े चार घंटे काशी में रहेंगे। इस दौरान वह मिर्जामुराद क्षेत्र के खोचवां स्थित अरविंद मिल की इकाई में कार्यरत महिलाओं से संवाद करेंगे। इसके बाद नमो घाट पर आयोजित भारतीय वायुसेना का एयर शो देखेंगे। प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री सुबह 10:15 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वह सीधे खोचवां स्थित अरविंद मिल की इकाई जाएंगे। इस इकाई में प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद करीब 300 महिलाएं काम कर रही हैं। प्रधानमंत्री महिलाओं से संवाद के दौरान उनके प्रशिक्षण, रोजगार और कार्य अनुभव से जुड़े पहलुओं पर चर्चा कर सकते हैं।
खोचवां से प्रधानमंत्री हेलीकॉप्टर के माध्यम से पुलिस लाइन पहुंचेंगे। इसके बाद सड़क मार्ग से नमो घाट जाएंगे, जहां गंगा के ऊपर आयोजित एयर शो का अवलोकन करेंगे। भारतीय वायुसेना के इस विशेष प्रदर्शन को लेकर शहर में तैयारियां की जा रही हैं। प्रधानमंत्री के आवागमन वाले मार्गों पर स्वागत की व्यवस्था के साथ सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को लेकर भी संबंधित विभाग सक्रिय हैं।
प्रधानमंत्री का वाराणसी दौरा दोपहर करीब 2:45 बजे तक प्रस्तावित है। महिलाओं से संवाद और एयर शो में सहभागिता उनके कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षण होंगे। प्रशासन और भाजपा पदाधिकारी प्रस्तावित कार्यक्रम को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की तैयारियों में जुटे हैं।