Varanasi air show: आचार संहिता से बदला PM मोदी का दौरा, रोपवे समेत परियोजनाओं का लोकार्पण टला
वाराणसी। काशी में प्रस्तावित एयर शो को लेकर प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। भारतीय वायुसेना के इस विशेष आयोजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शामिल होने की संभावना है। आदर्श आचार संहिता लागू होने के कारण एयर शो से जुड़े कार्यक्रमों में बदलाव किया गया है और कुछ प्रस्तावित लोकार्पण कार्यक्रम फिलहाल टाल दिए गए हैं।
जानकारी के अनुसार एयर शो अब 24 से 26 अक्तूबर के बीच आयोजित किया जाएगा, जबकि मुख्य कार्यक्रम 25 अक्तूबर को प्रस्तावित है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी दौरे के दौरान गंजारी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, कैंट-गोदौलिया रोपवे और आनंद काशी आवासीय परियोजना का लोकार्पण अब नहीं होगा। इन परियोजनाओं के लोकार्पण के लिए नवंबर के अंतिम सप्ताह या दिसंबर में अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाने की तैयारी है।
एयर शो की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में समीक्षा बैठक की। उन्होंने नमो घाट और आसपास के घाटों पर संभावित भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की विस्तृत व्यवस्था करने के निर्देश दिए। पूरे क्षेत्र को जोन और सेक्टर में बांटकर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
आयोजन स्थल पर दर्शक दीर्घा, ग्रैंड स्टैंड, वीआईपी और वीवीआईपी क्षेत्र, मीडिया एरीना, प्रवेश एवं निकास मार्ग तथा सुरक्षा जांच केंद्र बनाए जाएंगे। इसके अलावा पार्किंग और यातायात व्यवस्था के लिए एकीकृत प्लान तैयार किया जा रहा है।
30 लाख दर्शकों को ध्यान में रखकर सुरक्षा व्यवस्था
वाराणसी में एयर शो की तैयारियों का पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने भी निरीक्षण किया। गंगा नदी के दोनों किनारों से करीब 30 लाख दर्शकों के एयर शो देखने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने व्यापक सुरक्षा और Crowd Management Plan तैयार किया है।
पुलिस व्यवस्था को जोन और सेक्टर में बांटने के साथ क्विक रिस्पांस टीम (QRT) और अन्य Response Teams की तैनाती की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने पड़ाव चौराहा, रामनगर बाईपास, टेंगरा मोड़, डोमरी गंगा घाट और कोदोपुर घाट समेत कई महत्वपूर्ण स्थानों का निरीक्षण किया।
मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और चंदौली के जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग ने भी बैठक के दौरान सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन से जुड़े सुझाव दिए।
90 मिनट तक दिखेगा वायुसेना का एयर शो
प्रस्तावित कार्यक्रम में भारतीय वायुसेना के विभिन्न प्रकार के विमान करीब 90 मिनट तक हवाई करतब दिखाएंगे। गंगा के दोनों किनारों से बड़ी संख्या में लोगों के इसे देखने पहुंचने की संभावना है। ऐसे में प्रशासन के सामने यातायात व्यवस्था के साथ-साथ घाटों और प्रमुख मार्गों पर भीड़ को नियंत्रित करने की चुनौती रहेगी।
घट रहा गंगा का जलस्तर, घाटों की तैयारी पर नजर
इस बीच गंगा का जलस्तर लगातार घट रहा है। शनिवार रात नौ बजे तक जलस्तर 66.84 मीटर दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में करीब 20 से 30 सेंटीमीटर तक पानी कम होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि घाटों पर अभी भी कई जगह दिक्कतें बनी हुई हैं और पानी पूरी तरह उतरने में कुछ और समय लग सकता है।
एयर शो से पहले घाटों को आयोजन के अनुरूप तैयार करने के लिए नगर निगम के सामने समयसीमा भी महत्वपूर्ण है। प्रशासन की कोशिश है कि निर्धारित समय तक घाटों और आसपास के क्षेत्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं।