वाराणसी में एयर शो की तैयारियां तेज, गंगा के ऊपर फाइटर विमानों की गर्जना से रोमांचित हुई काशी!
वाराणसी। भारतीय वायुसेना के 94वें स्थापना दिवस के अवसर पर आगामी 8 अक्टूबर 2026 को वाराणसी के नमो घाट पर प्रस्तावित भव्य एयर शो की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में शनिवार सुबह काशी के आसमान में तीन जगुआर फाइटर विमान गर्जना करते हुए दिखाई दिए। विमानों ने गंगा के ऊपर उड़ान भरते हुए अभ्यास किया, जिससे शहरवासियों में रोमांच का माहौल बन गया।
सुबह करीब 11 बजे एयरपोर्ट से उड़ान भरने के बाद तीनों लड़ाकू विमान वाराणसी शहर और गंगा तट के ऊपर विभिन्न निर्धारित रूटों पर अभ्यास करते नजर आए। अचानक आसमान में गूंजती तेज आवाज और फाइटर विमानों की शानदार उड़ान ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। नमो घाट सहित गंगा किनारे मौजूद लोगों ने इस दृश्य को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया।
एयर शो की तैयारियों का जायजा लेने के लिए भारतीय वायुसेना के अधिकारी भी नमो घाट पर मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए घाट क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। अधिकारियों के अनुसार आगामी दिनों में भी विभिन्न लड़ाकू और एरोबेटिक विमानों के साथ अभ्यास जारी रहेगा, ताकि आयोजन को सफल बनाया जा सके।
भारतीय वायुसेना के स्थापना दिवस पर आयोजित होने वाले इस भव्य एयर शो में राफेल लड़ाकू विमान, सूर्य किरण एरोबेटिक टीम समेत 100 से अधिक विमान अपने हैरतअंगेज करतब दिखाएंगे। यह पहली बार होगा जब गंगा नदी के ऊपर इस स्तर का एयर शो आयोजित किया जाएगा।
वाराणसी एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार एयर शो की रूपरेखा भारतीय वायुसेना के साथ बैठक के बाद लगभग अंतिम रूप ले चुकी है। आयोजन को लेकर एयरपोर्ट पर विशेष तैयारियां की जा रही हैं। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, तीनों सेनाओं के प्रमुख, विभिन्न देशों के राजनयिकों और अन्य विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
एयर शो का आनंद आम नागरिक नमो घाट सहित गंगा के विभिन्न घाटों से ले सकेंगे। भारतीय वायुसेना के इस आयोजन को लेकर काशीवासियों में अभी से खासा उत्साह देखा जा रहा है।