CM योगी के वाराणसी दौरे की तैयारियां पूरी! कार्यक्रम स्थल नो-फ्लाई जोन घोषित, ड्रोन उड़ाने पर रोक

 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के वाराणसी दौरे से पहले वीआईपी मार्ग और कार्यक्रम स्थल को नो-फ्लाई जोन घोषित किया गया। ड्रोन उड़ाने पर रोक, सघन सुरक्षा जांच और विशेष ट्रैफिक प्लान लागू रहेगा
 

वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित वाराणसी दौरे को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। वीआईपी मार्ग और कार्यक्रम स्थल को नो-फ्लाई जोन घोषित किया गया है। निजी ड्रोन सहित किसी भी प्रकार की उड़ने वाली वस्तु के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों को विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने सोमवार देर शाम अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल और वीआईपी मार्ग का निरीक्षण कर सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की। इसके बाद कैंप कार्यालय में आयोजित बैठक में उन्होंने सभी अधिकारियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सघन जांच और फ्रिस्किंग के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। महिलाओं की जांच केवल महिला पुलिसकर्मियों द्वारा की जाएगी। वहीं, संवेदनशील स्थानों पर रूफटॉप ड्यूटी लगाई जाएगी और कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरों एवं तकनीकी निगरानी के माध्यम से पूरे क्षेत्र पर नजर रखी जाएगी।

भीड़ प्रबंधन को लेकर भी विशेष रणनीति बनाई गई है। पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को "नो टच पॉलिसी" का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए। साथ ही संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी सुरक्षा एजेंसियों को पूरी तरह तैयार रहने को कहा गया।

यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए कार्यक्रम स्थल के आसपास अस्थायी पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। वीआईपी मार्ग को पूरी तरह अवरोधमुक्त रखा जाएगा और इस मार्ग पर किसी भी वाहन को रुकने या पार्क करने की अनुमति नहीं होगी। मुख्यमंत्री के काफिले की आवाजाही के दौरान पूर्व निर्धारित रूट डायवर्जन योजना लागू रहेगी, ताकि आम लोगों को कम से कम असुविधा हो।

पुलिस आयुक्त ने ड्यूटी पर तैनात सभी पुलिसकर्मियों को समय से पहले ड्यूटी स्थल पर पहुंचने, मोबाइल फोन का अनावश्यक उपयोग न करने तथा आमजन के साथ विनम्र और संवेदनशील व्यवहार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की चूक स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक और निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा, अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) आलोक प्रियदर्शी सहित सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।