काशी में छठ पूजा की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार, नगर आयुक्त ने अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी
वाराणसी। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर वाराणसी नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गंगा घाटों सहित शहर के विभिन्न पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने व्यापक कार्ययोजना तैयार की है। व्रतियों और श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शहर के सभी जोनों में विशेष सफाई अभियान चलाने के साथ बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा को छठ पर्व की तैयारियों का समग्र नोडल अधिकारी नामित किया है। उन्होंने संबंधित विभागों और अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा में सभी व्यवस्थाएं पूरी करने की जिम्मेदारी सौंपी है।
घाटों से हटेगी सिल्ट और मलबा, संपर्क मार्गों की भी होगी सफाई
छठ पूजा के मद्देनजर नगर निगम की ओर से प्रमुख गंगा घाटों और पूजा स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत घाटों पर जमा सिल्ट, मलबा और अनावश्यक सामग्री हटाई जाएगी। श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए प्रवेश एवं निकास मार्गों के साथ संपर्क रास्तों की भी साफ-सफाई सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए जोनल अधिकारियों और स्वच्छता अधिकारियों को नियमित निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है।
पेयजल, प्रकाश और महिलाओं की सुविधाओं पर विशेष जोर
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जलकल विभाग को प्रमुख घाटों और पूजा स्थलों पर स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आवश्यकतानुसार वाटर टैंकर लगाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, आलोक विभाग को घाटों और वहां तक पहुंचने वाले मार्गों की स्ट्रीट लाइट एवं हाईमास्ट लाइट दुरुस्त कराने को कहा गया है। जरूरत पड़ने पर अस्थायी प्रकाश व्यवस्था भी की जाएगी। महिलाओं की सुविधा के लिए घाटों पर चेंजिंग रूम और मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था की जा रही है।
गहरे पानी वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग, तैनात रहेंगी टीमें
छठ पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी नगर निगम विशेष सतर्कता बरत रहा है। घाटों और जलाशयों के आसपास पानी की गहराई का आकलन कर संवेदनशील एवं खतरनाक स्थानों को चिह्नित किया जाएगा। ऐसे स्थानों पर मजबूत बैरिकेडिंग के साथ चेतावनी संकेतक लगाए जाएंगे, जिससे श्रद्धालुओं और बच्चों को गहरे पानी की ओर जाने से रोका जा सके। इसके अतिरिक्त घाटों और आसपास के क्षेत्रों में निराश्रित पशुओं पर नियंत्रण के लिए पशु चिकित्सा विभाग की टीमें भी सक्रिय रहेंगी।
नगर निगम प्रशासन का लक्ष्य है कि छठ महापर्व के दौरान काशी आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय व्रतियों को घाटों पर स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश, शौचालय और सुरक्षा से जुड़ी सभी आवश्यक सुविधाएं समय से उपलब्ध कराई जा सकें।