मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन को लेकर काशी में तैयारियां पूरी, ड्रोन और लेजर शो से सजेगी देव दीपावली

देव दीपावली पर काशी में जुटेंगे 15 लाख पर्यटक, सीएम योगी होंगे मुख्य अतिथि, 21 लाख दीपों से जगमगाएंगे 88 घाट
 

दशाश्वमेध और अस्सी घाट के सामने होगा भव्य ड्रोन शो, चेत सिंह घाट पर सजेगा लेजर शो, गंगा पार रेती में दिखेगी आतिशबाज

वाराणसी | धर्म और आध्यात्मिकता की नगरी काशी में मंगलवार, 24 नवंबर को देव दीपावली का पर्व भव्यता के साथ मनाया जाएगा। इस ऐतिहासिक आयोजन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनके साथ केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। पर्यटन विभाग की ओर से सभी अतिथियों को आमंत्रित किया गया है।

देव दीपावली को लेकर जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग ने तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। इस वर्ष आयोजन को और भव्य स्वरूप देने के लिए गंगा के 88 पक्के घाटों, गंगा पार रेती और शहर के 103 कुंडों पर कुल 21 लाख दीप प्रज्वलित करने की तैयारी है। अनुमान है कि इस अवसर पर देश-विदेश से करीब 15 लाख पर्यटक और श्रद्धालु काशी पहुंचेंगे। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए घाटों पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं को विशेष प्राथमिकता दी गई है।

इस बार देव दीपावली पर पारंपरिक दीपोत्सव के साथ आधुनिक तकनीक और आकर्षक प्रस्तुतियां भी आयोजन का प्रमुख हिस्सा होंगी। दशाश्वमेध और अस्सी घाट के सामने गंगा पार रेती में रात आठ बजे भव्य ड्रोन शो आयोजित किया जाएगा। इसमें आसमान में काशी विश्वनाथ मंदिर, शिव तांडव और मां गंगा की दिव्य आकृतियां प्रदर्शित की जाएंगी। वहीं श्री काशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार के सामने 10 मिनट की प्रदूषण रहित ग्रीन आतिशबाजी आकर्षण का केंद्र रहेगी। चेत सिंह घाट पर लगभग 25 मिनट तक लेजर शो के माध्यम से आकर्षक दृश्य प्रस्तुत किए जाएंगे।

पर्यटन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले एक दशक में देव दीपावली का आकर्षण तेजी से बढ़ा है। वर्ष 2016 से 2026 के बीच इस आयोजन में शामिल होने वाले बाहरी पर्यटकों की संख्या लगभग ढाई लाख से बढ़कर 15 लाख तक पहुंच गई है। वर्ष 2016 से 2019 के बीच औसतन ढाई से चार लाख पर्यटक आते थे। कोविड काल में वर्ष 2020 में यह संख्या एक लाख से कम रही, जबकि वर्ष 2021 में करीब साढ़े तीन लाख लोग पहुंचे। इसके बाद वर्ष 2022 में पर्यटकों की संख्या छह से सात लाख तक पहुंची। वर्ष 2024 में करीब 10 लाख और 2025 में 10 से 12 लाख पर्यटकों ने काशी पहुंचकर देव दीपावली का उत्सव देखा।